Weather Update : 16 फरवरी तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील
पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के पहाड़ी इलाकों में भारी हिमपात हुआ। इसके कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह के समय घनी धुंध छाई रही।;
हरिभूमि न्यूज : हिसार
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह के समय गहरी धुंध छाई हुई थी। इसके चलते सड़कों पर आवागमन प्रभावित रहा। धुंध के कारण सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखाई दिए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में 16 फरवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के पहाड़ी इलाकों में भारी हिमपात हुआ। इसके कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह के समय घनी धुंध छाई और तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
आज व कल बादल छाने की उम्मीद
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में 16 फरवरी तक आमतौर पर मौसम खुश्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 12 व 13 फरवरी को बीच-बीच में बादलवाई होने की उम्मीद है। इस दौरान हवाएं चलने व दिन के तापमान में हल्की कमी आएगी, परंतु 14 फरवरी से 16 फरवरी के बीच मौसम साफ व खुश्क रहने की संभावना है।