जजपा के दो विधायक अपनी ही पार्टी से नाराज, दुष्यंत चौटाला के लिए मुश्किल !
गुहला सीट से वरिष्ठ विधायक ईश्वर सिंह उनके इलाके में विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिए जाने से बेहद आहत और खफा हैं। वहीं नरवाना के विधायक रामनिवास सुरजा खेड़ा भी आजकल भाजपा के गुण गा रहे हैं।;
चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के दो विधायक अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं। इनमें गुहला सीट से वरिष्ठ विधायक ईश्वर सिंह उनके इलाके में विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिए जाने से बेहद आहत और खफा हैं। वहीं नरवाना के विधायक रामनिवास सुरजा खेड़ा भी आजकल भाजपा के गुण गा रहे हैं। विधायक ईश्वर सिंह की नाराजगी यहां तक बढ़ चुकी है कि एक दिन पहले वीरवार को उन्होंने पार्टी नेता और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मिलकर साफ कर दिया है कि जब तक उनके क्षेत्र में विकास कार्य के टेंडर नहीं होते, वे पार्टी की बैठकों, समारोह आदि में हिस्सा नहीं लेंगे।
सूत्रों ने बताया कि ईश्वर सिंह की ज्यादा नाराजगी कैथल से चीका, पेहवा से चीका और खरका से गुहला की मुख्य सड़कों की खस्ता हालत को लेकर हैं। इन सड़कों के कारण विधायक ईश्वर सिंह को आसपास के ग्रामीणों से खरी खोटी सुननी पड़ रही हैं। लोगों की पीड़ा को समझते हुए कईं बार डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को लिखित में भेजकर जल्द ही काम की शुरुआत कराने की अपील कईं बार कर चुके हैं। इसके अलावा अजीमगढ़ पंजाब पटियाला समाना मंडी वाली रोड की हालत भी बेहद खस्ता है। खस्ता हालत और कुछ अन्य विकास कार्यों को लेकर सुनवाई नहीं होने पर विधायक ईश्वर सिंह ने सीधे ही डिप्टी सीएम के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब तक उनके टेंडर नहीं हो जाते, वे पार्टी की बैठकों, समारोह आदि में हिस्सा लेने नहीं आएंगे। यह बात कहकर ईश्वर सिंह वहां से निकल आए।
पूछे जाने पर विधायक ईश्वर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए इन सड़कों का जिक्र किया साथ ही इस बारे में कईं पत्र लिखे जाने की पीड़ा जाहिर करते हुए बैठकों में नहीं जाने की बात कही है। कुल मिलाकर नारनौंद विधायक रामकुमार गौतम पहले से ही पार्टी नेताओं से नाराजगी सार्वजनिक तौर पर जाहिर कर चुके हैं। इसके बाद में अब ईश्वर सिंह की नाराजगी की चर्चा जमकर चल रही है। बताया गया है कि ईश्वर सिंह की मान मनौव्वल और स्टाफ को बुलाकर विकास का काम जल्दी ही शुरु करा दिए जाने की बात कही गई लेकिन विधायक नहीं माने।
पुत्रवधू हाल ही में बनीं नगर पालिका में चेयरमैन
हाल ही में ईश्वर सिंह की पुत्रवधू रेखा रानी निकाय चुनावों में जजपा की टिकट पर नगर पालिका गुहला की अध्यक्ष चुनी गई हैं। रेखा के अलावा दूसरी जीत जजपा को शाहाबाद में मिली है। रेखा रानी ने निर्दलीय को हराया है, लेकिन इस बार के अंतर और लोगों द्वारा इस चुनाव में सड़कों की हालत को लेकर विधायक पर खूब तंज कसे, इस बात से बेहद आहत ईश्वर सिंह डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से मिलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। वैसे, राज्य सरकार की ओर से उनके बेटे रणधीर सिंह को वीटा सहकारी संस्थान में चेयरमैन नियुक्त किया हुआ है। ईश्वर सिंह की पुत्र वधू 302 वोटों से जीती हैं, कम वोट मिलने के पीछे भी वे विकास नहीं होना मानते हैं।
विधानसभा में सबसे वरिष्ठ विधायक
गुहला विधानसभा सीट से जजपा विधायक ईश्वर सिंह पार्टी में ही नहीं बल्कि विधानसभा में सबसे वरिष्ठ विधायक हैं। ईश्वर सिंह हुडकों में डायरेक्टर रह चुके हैं। इतना ही नहीं 74 वर्षीय ईश्वर सिंह 2008 से 2014 तक राज्यसभा में एमपी रह चुके हैं। इसके अलावा 2014 से लेकर 2017 तक नेशनल एससी कमीशन में सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा हाउिसंग बोर्ड में चेयरमैन, एजूकेशन बोर्ड में चेयरमैन रह चुके हैं। कैथल जिले में उन्होंने गुहला सीट जीतकर जजपा की झोली में डाल दी थी। एक वक्त में चौधरी देवीलाल के साथी रहे और विधानसभा में रहे चौधरी ईश्वर सिंह इस वक्त जजपा में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, क्योंकि लिखित में देने और मौखिक तौर पर बात करने के बाद भी उनकी सड़कें नहीं बन रही है।
नरवाना जजपा विधायक ने भी खोल दी मन की बात
इस क्रम में अब एक अन्य नाम नरवाना विधायक का भी जुड़ गया है। विधायक रामनिवास सुरजा खेड़ा ने भी अपने दिल की बात अब सार्वजनिक तौर पर कहते हुए साफ कर दिया है कि उनके काम प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कारण हो रहे हैं, इतना ही नहीं विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ने नरवाना नगर पालिका से नवनिर्वाचित चेयरपर्सन मुकेश मिर्धा को भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करा दी है।
अहम बात यहां पर यह है कि खुद मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने मिर्धा को भाजपा का पटका पहनाकर भाजपा में शामिल करने की घोषणा की है। मिर्धा के साथ में कईं एमसी भी भाजपा में शामिल हो गए। रामनिवास सुरजाखेड़ा चेयरपर्सन मुकेश मिर्धा के पति विशाल और कईं एमसी साथ में लेकर सीएम आवास पहुंचे हुए थे। बताया जा रहा है कि विधायक ने सीएम में आस्था जाहिर करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पार्टी ज्वाइन करा दी है। इसकी भनकर डिप्टी सीएम और पार्टी को बाद में लगी। इसके पहले जननायक जनता पार्टी विधायक रामकुमार गौतम भी सीएम मनोहरलाल की तारीफ करते हुए कईं बार जजपा नेताओं की आलोचना भी कर चुके हैं। उनके कईं बयान सोशल मीडिया में जमकर चले हैं, आज भी गौतम जजपा नेताओं से अपनी नाराजगी को छिपा नहीं पाते।