गोहाना सब्जी मंडी में गिरे दो शैड : 2 लोगों की मौत और 17 घायल, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान, देखें हादसे की भयावह तस्वीरें
बृहस्पतिवार की शाम करीब सवा चार बजे गोहाना में आंधी के साथ तेज बारिश शुरू हुई। इसके कुछ देर बाद ही सब्जी मंडी में बवंडर भी आया। दोनों मुख्य शेडों के नीचे मांसाखोरों समेत 100 से अधिक लोग खड़े थे। आंधी और बवंडर से दोनों शेड ढह गए।;
हरिभूमि न्यूज . गोहाना ( सोनीपत )
सोनीपत के गोहाना में सोनीपत रोड स्थित सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार शाम को बड़ा हादसा हुआ। बारिश, आंधी के साथ आए भंवर (बवंडर) के चलते सब्जी मंडी में दोनों बड़े लोहे के शेड ढह गए। शैडों के नीचे दबने से 2 लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। एक गाय की मौत हो गई जबकि एक सांड घायल हो गया। दो दर्जन के करीब वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, गोहाना हलका के विधायक जगबीर मलिक, बरोदा हलका के विधायक इंदुराज नरवाल, नगर परिषद की अध्यक्ष रजनी विरमानी और भाजपा के जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस द्वारा राहत कार्य जारी है। वहीं सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आंधी के कारण गोहाना की नई सब्जी मंडी का शेड गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जानमाल की क्षति दु:खदायी है। घटना में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति तथा घायलों के अतिशीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। दुर्घटना में दिवंगत लोगों के परिजनों को 5 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।
बृहस्पतिवार की शाम करीब सवा चार बजे गोहाना में आंधी के साथ तेज बारिश शुरू हुई। इसके कुछ देर बाद ही सब्जी मंडी में बवंडर भी आया। दोनों मुख्य शेडों के नीचे मांसाखोरों समेत 100 से अधिक लोग खड़े थे। आंधी और बवंडर से दोनों शेड ढह गए। निकट में ही मार्केट कमेटी के कार्यालय में पेड़ टूट गए। शेडों के नीचे दबने से गोहाना में देवीपुरा के मांसाखोर जगमहेंद्र और गांव रभड़ा के युवक संदीप की मौत हो गई। शेडों के नीचे दबने से गोहाना में सिवानका गांव का प्रिंस, इंद्र गढ़ी कालोनी का पवन, गांव पूठी का कर्मवीर, गांव शामड़ी का दिनेश, गांव बड़ौता का जगदीश, बड़ौता गांव का गुरुवंश, गांव गढ़ी सराय नामदार खां का सुरजीत व हरीश, गांव नगर का राजपाल, महमूदपुर गांव का सुरेश, रोहतक का मुकेश, बिहार का लक्ष्मी कुमार, शिव नाथ, बिहार में बुगेसराय का शिव, बस्तर का सतीश और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में ले जाया गया। बिहार के शिव कुमार, इंद्र गढ़ी के पवन और अज्ञात व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। मलबे में दबने से दो दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एसडीएम आशीष वशिष्ठ, शहर थाना के प्रभारी बदन सिंह ने मौके पर पहुंच कर जेसीबी और क्रेन मंगवा कर राहत कार्य शुरू करवाए। शेडों के नीचे फंसे लोगों को निकाला गया।
शैड के नीचे खड़ा ट्रैक हुआ क्षतिग्रस्त
मशीनों की सहायता से निकाला
शैड गिरने की सूचना मिलने की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। प्रशासन की ओर से एसडीएम आशीष कुमार व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शैड के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए कई क्रेन मशीनें मंगवाई गई। मशीनों से शैड को ऊपर उठाकर लोगों को बाहर निकाला गया।
शैडों के नीचे खड़े वहन भी टूटे
शैड़ों के नीचे ऑटो, मोटरसाइकिल व अन्य वाहन भी खड़े थे। शैड गिरने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन द्वारा मशीनों से शैड को उठाकर वाहनों को निकालने का काम भी जारी था।
राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे
हादसे की सूचना मिलने पर गोहाना हलके के कांग्रेस विधायक जगबीर सिंह मलिक, बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इन्दुराज नरवाल और भाजपा जिलााध्यक्ष तीर्थ राणा सहित अन्य राजनीति दलों के नेता स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
मृतकों और घायलों की लिस्ट