खुशियों के बीच छाया मातम : क्रिसमस पार्टी से घर लौट रहे दो दोस्तों की हादसे में मौत, एक की फरवरी में होनी थी शादी
मृतकों की पहचान करीब 21 वर्षीय आदित्य और करीब 22 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। दोनों बहादुरगढ़ की नई बस्ती के रहने वाले थे। आदित्य की छह फरवरी को शादी होनी थी। दूसरी तरफ सौरव के भाई की शादी जनवरी में तय है।;
हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
क्रिसमस की खुशियां मनाकर घर लौट रहे बहादुरगढ़ निवासी दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होने की वजह से मुंडका के पास यह हादसा हुआ। दोनों युवक बचपन के दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। एक साथ ही दुनिया को रुखसत हो गए। मृतकों की पहचान करीब 21 वर्षीय आदित्य और करीब 22 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। दोनों बहादुरगढ़ की नई बस्ती के रहने वाले थे।
दरअसल, दोनों मित्र शनिवार को क्रिसमस की खुशियां मनाने दिल्ली गए थे। देर रात को वापस अपने घर के लिए चले। बताते हैं कि मुंडका-घेवरा के बीच इनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और मेट्रो पिलर से टकरा गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल में ले गए तो चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। इनकी मौत की सूचना पर परिजनों में दुख की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार की दोपहर को गमगीन माहौल में दोनों के शवों का दाह संस्कार किया गया। आदित्य की तो छह फरवरी को शादी होनी थी। परिवार तैयारियों में जुटा था। दूसरी तरफ सौरव के भाई की शादी जनवरी में तय है। विवाह की तैयारियों में जुटे परिवारों में खुशी से पहले ही मातम पसर गया। सौरव और आदित्य पक्के मित्र थे। आमतौर पर साथ ही रहते थे। एक साथ ही दुनिया को अलविदा कह गए।