महिला की फरियाद सुनकर पसीजा शहरी निकाय मंत्री का दिल, लिया ये एक्शन
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने बुधवार को जिला सचिवालय में आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद जिले के लोगों की समस्याएं सुनी।;
हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने बुधवार को जिला सचिवालय में आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद जिले के लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान एक महिला ने अजीबो गरीब अपनी फरियाद शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के समक्ष रख दी। जिसे सुनकर मंत्री का दिल पसीज गया। मंत्री ने मौके पर महिला की फरियाद पर अमल करते हुए उसकी समस्या का निपटान कर दिया।
ये थी फरियाद
शहर की शिवपुरी कॉलोनी निवासी संगीता देवी ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री को अपनी फरियाद सुनाते हुए कहा कि वह गरीब परिवार से संबंध रखती है। उनके घर के सामने बिजली का खंबा लगा था। जिसे हटवाने के लिए उसने बिजली निगम से गुहार लगाई थी। इस दौरान बिजली निगम द्वारा उससे खंबा बदलने की एवज में पांच हजार रुपये लेकर खंबा बदला गया। महिला की बात सुनकर मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से रहा नहीं गया और उन्होंने विभाग के अधीक्षक अभियंता राजिंद्र सिंह को महिला के पैसे वापिस करने के निर्देश दिए। मगर निगम के अधीक्षक अभियंता ने मंत्री को नियमो की दुहाई दी। जिसके बाद मंत्री के साथ में बैठे सिटी विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने दरियादिली दिखाते हुए तुरंत महिला को पांच हजार रुपये वापस कर दिए। विधायक की दरियादिली को देखते हुए बैठक में उपस्थित लोगों ने जोरदार ताली बजाई व उन्हें साधुवाद दिया।