Weather Update : हरियाणा NCR दिल्ली में रहा कोल्ड डे, महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा, इस दिन से बारिश की संभावना
हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान लुढ़ककर 13.0 डिग्री से 23.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।;
Mausam Ki Jankari
हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में लगातार ठंड तीखे तेवरों से आगाज किए हुए है। मंगलवार को अधिकतर स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। सम्पूर्ण इलाके में बर्फिली हवाओं से पारा गोते लगा रहा है। सुबह के समय कोहरा भी कोहराम मचा रहा है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि लगातार उत्तरी बर्फिली हवाओं और दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर बने कमजोर चक्रवातीय सरकुलेशन और ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी जेट धाराओं के प्रभाव से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ गई है। दो विपरीत पवनों के मिलन से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर कहीं हल्की और कहीं सघन बादलवाही देखने को मिली। साथ ही हरियाणा व एनसीआर दिल्ली के अधिकतर स्थानों को कोहरे की सफेद चादर ने अपने आगोश में ले लिया। केवल हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में सुबह के दौरान हल्की धुंध दर्ज की गई।
मंगलवार को हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में कोहरा और आंशिक बादलवाही से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज हुई जिसकी वजह से कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान लुढ़ककर 13.0 डिग्री से 23.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर सामान्य से 7.0 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हुई है। जबकि दक्षिणी हिस्सों में धुंध और कोहरा कम रहा, उन स्थानों पर रात्रि के तापमान में गिरावट दर्ज हुई यानि वे स्थान ठंडे बने हुए हैं। मंगलवार को सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में हरियाणा का जिला महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा रहा। यहां नारनौल और महेंद्रगढ़ का न्यूनतम तापमान क्रमशः 3.1 डिग्री और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों में सम्पूर्ण इलाके में दिन के समय हवाओं में तेजी और रात्रि के समय हवाओं में तेजी नहीं होने पर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में भी सुबह के दौरान धुंध कोहरा की सफेद चादर की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। इसलिए भारतीय मौसम विभाग ने 24 दिसंबर तक आरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया है। लगातार ठंड अपने रंग और रूप में आने लगी है। 25 दिसंबर और उसके बाद 28 दिसंबर को बेक टु बेक लगातार दो ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी मात्रा में हिमपात होने और उत्तरी मैदानी राज्यों में बारिश की संभावना बन रही है। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में केवल उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। परन्तु जैसे ही मौसम प्रणाली आगे निकल जाएगी वैसे ही सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ने की संभावना बन रही है। यानि नए साल का स्वागत हाड़ कंपा देने वाली ठंड और शीत लहर से होगा।
आज हरियाणा में न्यूनतम तापमान के आंकड़े
महेंद्रगढ़ 3.1℃, नारनौल 4.5℃, सिवानी, भिवानी 5.0℃, बालसमंद, हिसार 5.2℃, गुड़गांव Aws 5.6℃, मेवात 5.9℃, हिसार 6.0℃, सिरसा 6.4℃, भिवानी 6.3, चंडीगढ़ Aws 7.1℃, चंडीगढ़ शहर 7.2℃, रोहतक 7.2℃, झज्जर 7.2℃, सोनीपत 7.6℃, मानेसर 8.0℃, फतेहाबाद 8.1℃, जींद 8.5℃
स्त्रोत भारतीय मौसम विभाग