Weather Update : भीषण गर्मी से राहत दिलाएंगे बदरा, जानिए कब होगी बारिश

हरियाणा में 16 मई देर रात्रि से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवाओं में बदलाव पश्चिमी से उत्तर पूर्वी होने से मौसम में हल्का बदलाव आने की संभावना है।;

Update: 2022-05-14 15:07 GMT

Weather Forecast 

देश मैदानी राज्यों राजस्थान, हरियाणा एनसीआर दिल्ली में प्रचंड और भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। राजस्थान के आस पास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडलीय स्तरों पर एक प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन बना हुआ है जिसकी वजह से पश्चिमी हवाओं को तीव्र गति मिली है और सम्पूर्ण इलाके से नमी नदारद है। हरियाणा में लगातार दिन के तापमान में सामान्य से 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई महीने का सामान्य तापमान दिन का 40 से 42 डिग्री तथा रात्रि तापमान 21 से 23 डिग्री होता है जबकि पिछले तीन दिनों से दिन का तापमान 46 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है तथा इस दौरान रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म है। इस दौरान लगातार दिन में लू भी चली। इतनी अधिक गर्मी पड़ने का मुख्य कारण मैदानी क्षेत्रों में कोई मौसमी सिस्टम का ज्यादा प्रभावी न होना तथा राजस्थान के ऊपर पाकिस्तान में एक एंटीसाईक्लोनिक सकुर्लेशन बनने से खुश्क व गर्म पश्चिमी हवाओं का चलना है।

हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी और दक्षिणी पूर्वी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुड़गांव, पलवल, सोहना, तावडू के साथ एनसीआर दिल्ली में गर्मी सितम ढहा रही है। इन इलाकों पर भारतीय मौसम विभाग ( India Meteorological Department ) ने शनिवार को रेड अलर्ट ( red alert ) जारी कर दिया है और शेष हरियाणा के जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी ( orange alert ) कर दिया है। शनिवार को हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 43.0 से 48.0 के बीच दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 23.0 से 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम पूर्वानुमान

राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि भीषण गर्मी से अगले सप्ताह की शुरूआत में कुछ राहत मिलने के आसार हैं। हरियाणा में 16 मई देर रात्रि से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवाओं में बदलाव पश्चिमी से उत्तर पूर्वी होने से मौसम में हल्का बदलाव आने की संभावना है जिससे 16 मई रात्रि को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने तथा 17 मई को उत्तरी हरियाणा के जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर व कुरुक्षेत्र आदि में पर गरज चमक के साथ बादलवाई तथा हवाओं के साथ कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा पश्चिमी व दक्षिण हरियाणा में धूलभरी हवाओं के साथ कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की भी संभावना है। राज्य में 18 मई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

Tags:    

Similar News