Weather Update : हरियाणा, NCR दिल्ली में IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, गंभीर शीत लहर की चेतावनी

Mausam Ki Jankari : उत्तरी भारत में कड़ाके की हाड़ कंपाने वाली ठंड अपने तीखे तेवरों से विकराल रूप धारण किए हुए है और हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों को शीत लहर ने अपने शिकंजे में जकड़ रखा है।;

Update: 2022-12-27 15:10 GMT

Mausam Ki Jankari : उत्तरी भारत में कड़ाके की हाड़ कंपाने वाली ठंड अपने तीखे तेवरों से विकराल रूप धारण किए हुए है और हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों को शीत लहर ने अपने शिकंजे में जकड़ रखा है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल ( हरियाणा ) के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि हिमालय की उत्तरी ठंडी और बर्फिली हवाओं का तांडव सम्पूर्ण मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और एनसीआर दिल्ली पर साफ दिखाई दे रहा है। सम्पूर्ण इलाके में रात्रि का तापमान लगातार घट रहा है। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान लुढ़ककर हिमांक बिंदु के पास पहुंच गया है, जिस कारण पाला जमने की स्थिति बनी हुई।

मंगलवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री से 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिस कारण शीत लहर और पाला जमने की स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिला सबसे ठंडा बना रहा और गंभीर शीत लहर की चपेट में आ गया है। आज इस सीजन में सबसे ठंडे स्थान नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री रहा जबकि महेंद्रगढ़ में तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर सुबह के दौरान कोहरा छाया रहा। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से पिछले एक दो दिनों से आंशिक बादलवाही भी देखने को मिल रही है। बर्फिली हवाओं से वातावरण में मौजूद प्रचुर मात्रा नमी और शांत हवाओं से पिछले एक सप्ताह से कोहरा छाया रहता है, जिस कारण जिंदगी थम सी गई है।

आज 11 बजे से ही सूर्य देव की चमकदार धूप खिली रहने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली, जिससे अधिकतम तापमान 10.0 डिग्री से 19.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।  हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में भारतीय मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है और अगले 24 घंटों के दौरान सम्पूर्ण इलाके में सीवीयर ( गंभीर ) शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। 28 दिसंबर को एक नया ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सम्पूर्ण हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मौसम करवट लेने वाला है जिसकी वजह से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी मात्रा हिमपात होने और 29-30 दिसंबर के दौरान मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में बादल अपना डेरा जमा लेंगे और सिमित स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। इस कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से आफ़त भरी ठंड और कोहरे से थोड़ी राहत मिलने की संभावना बन रही है परन्तु जैसे ही मौसम प्रणाली 31 दिसंबर को आगे निकल जाएगी यानी नए साल का स्वागत हाड़ कंपा देने वाली ठंड और ठिठुरन भरी शीत लहर से होगा।

Tags:    

Similar News