Weather Update : हरियाणा, दिल्ली NCR के लोग आग बरसती गर्मी के लिए रहें तैयार, IMD ने जारी किया अलर्ट
शुक्रवार को हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री से 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री से 25.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।;
Mausam Ki Jankari : हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में पिछले दो-तीन दिनों से सक्रिय मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ ( western disturbance ) की वजह से आंशिक बादलवाही और तेज़ गति की हवाओं व कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बुंदाबांदी से तापमान में गिरावट से आमजन को राहत मिल रही थी। जैसे ही शुक्रवार को मौसम प्रणाली का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त हुआ वैसे ही एक बार फिर से सम्पूर्ण इलाके पर भीषण गर्मी शुरू हो गई है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉक्टर चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बने चक्रवातीय सरकुलेशन की वजह से सम्पूर्ण इलाके में नमी वाली दक्षिणी पूर्वी पवनों से हीट वेव लू और गर्मी के साथ अधिकांश स्थानों पर तापमान में गिरावट देखी जा रही थी और आमजन को राहत मिल रही थी। परंतु अब चक्रवातीय सर्कुलेशन का स्थान प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन ले लेगा जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में बलूचिस्तान और थार मरुस्थल की तरफ से शुष्क और गर्म हवाओं का सम्पूर्ण मैदानी राज्यों जिनमें राजस्थान, हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर एक बार फिर प्रभुत्व स्थापित हो जाएगा। इस कारण सम्पूर्ण इलाके में तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी। भारतीय मौसम विभाग ( India Meteorological Department ) ने पूरे इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
42.4 डिग्री रहा हरियाणा का तापमान
शुक्रवार को भी दोपहर बाद इलाके में बादलवाही देखने को मिली। जब कोई मौसम प्रणाली का प्रभाव किसी स्थान से समाप्त होता है और जब विपरीत हवाएं अलग-अलग होती हैं उस दौरान भी इस प्रकार के बादलों का निर्माण देखने को मिलता है और कई बार इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो जाती है और तीव्र हवाएं चलती हैं। शुक्रवार को हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री से 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री से 25.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अभी आने वाले दिनों में तापमान फिर से 45.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने और साथ ही साथ सम्पूर्ण हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और बीच-बीच में आंधी अंधड़ चलने की संभावना है।