उफ्फ ये गर्मी : हरियाणा और दिल्ली में सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा बढ़ता टेंपरेचर, IMD ने जारी किया ये अलर्ट

देश के मैदानी राज्यों विशेषकर राजस्थान, हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में प्रचंड गर्मी अपने शबाब पर है। साथ ही तापमान में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।;

Update: 2022-05-09 15:07 GMT

Mausam Ki Jankari : देश के मैदानी राज्यों विशेषकर राजस्थान, हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में प्रचंड गर्मी अपने शबाब पर है। साथ ही तापमान में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। इसके अलावा भीषण आग उगलती गरम हवाएं और लू के थपेड़ों से आमजन त्रस्त है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि पाकिस्तान के चोलिस्तान मरुस्थल और राजस्थान के थार मरुस्थल से पश्चिमी हवाओं का सीधा रुख मैदानी इलाकों की तरफ होने से राजस्थान, हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में गर्मी बढ रही है।

हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी आदि में उमस और पसीने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं। जबकि उत्तरी जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में गर्मी का कम प्रभाव है क्योंकि पंजाब व हरियाणा के मध्य तिरछी एक टर्फ रेखा बनी हुई है जिसके उपर वाले जिलों में पूर्वी नमी वाली पवनों की वजह से तापमान में कम उछाल है। परंतु एक दो दिन में यह टर्फ रेखा हट जाएगी और संपूर्ण हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। भारतीय मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 13 मई तक ऑरेंज अलर्ट और शेष हरियाणा के अधिकतर स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

सोमवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम 40.0 डिग्री से 45.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री से 30.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आने वाले चार से पांच दिनों तक अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ प्रचंड गंभीर हीट वेव लू चलने और साथ ही साथ बीच बीच में दोपहर से शाम बीच के समय तीव्र गति की धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना बन रही है। 

Tags:    

Similar News