Weather Update : प्रदेश में अगले 48 घंटे परिवर्तनशील रहेगा मौसम, किसानों के लिए हिदायत जारी

पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते आसमान में छाए बादल किसानों को डराते रहेंगे। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के भी आसार बनते दिखाई दे रहे हैं।;

Update: 2021-04-21 13:27 GMT

हरिभूमि न्यूज : हिसार

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते अगले 48 घंटे में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान आसमान में छाए बादल किसानों को डराते रहेंगे। इसके साथ-साथ प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के भी आसार बनते दिखाई दे रहे हैं। उधर पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में धूलभरी हवाएं के साथ हुई बूंदाबांदी या फिर हल्की बारिश से अधिकतम व न्यूनतम पारे में गिरावट आई है। लोगों को तेज से बढ़ रही गर्मी से मामूली राहत मिली है। बता दें कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मंगलवार को उत्तरी व पश्चिमी क्षेत्रों में ज्यादातर स्थानों पर धूल भरी तेज हवाएं चलीं। इसके साथ कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बूंदाबांदी व हल्की बारिश भी हुई।

कृषि वैज्ञानिकों ने जारी की हिदायत

संभावित मौसम को देखते कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को हिदायत जारी की है। उन्होंने कहा कि किसान फसलों की कटाई व कढ़ाई करते समय अगले दो दिन बदलते मौसम का ध्यान अवश्य रखें। गेहूं कढ़ाई के बाद तूड़ी व भूसे को अवश्य ढके। गेहूं को मंडी ले जाते समय तिरपाल आदि अवश्य साथ रखे। नरमा की बिजाई करते समय बदलते मौसम का ध्यान अवश्य रखे।

24 से मौसम रहेगा साफ व खुश्क

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 23 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बने साइक्लोनिक सकुर्लेशन का प्रभाव शुक्रवार तक बने रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में बीच-बीच में आंशिक बादल, हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने के आसार है। इसके बाद प्रदेश में मौसम साफ व खुश्क रहने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News