महिला ने बदले बयान : आरोपी थाना शहर नूंह एसएचओ को मिली जमानत
थाना शहर नूंह एसएचओ बिजेंद्र कुमार राठी के खिलाफ गांव की एक महिला द्वारा दुष्कर्म करने व किसी अन्य मामले में मुकदमा दर्ज करने की एवज में 30 हजार रुपए की मांग करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए। महिला थाना नूंह पुलिस ने एसएचओ बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन कुछ घंटे बाद ही आरोपी एसएचओ को महिला के बयान बदलने के चलते जमानत मिल गई।;
मेवात। थाना शहर नूंह एसएचओ बिजेंद्र कुमार राठी के खिलाफ गांव की एक महिला द्वारा दुष्कर्म करने व किसी अन्य मामले में मुकदमा दर्ज करने की एवज में 30 हजार रुपए की मांग करने सहित कई गंभीर आरोपों के तहत महिला थाना नूंह में मुकदमा दर्ज किया था। इसके कुछ समय बाद ही पुलिस ने एसएचओ बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन कुछ घंटे बाद ही आरोपी एसएचओ को महिला के बयान बदलने के चलते जमानत मिल गई। जो महिला अपने शारीरिक शोषण सहित कई गंभीर आरोप थाना शहर नूंह प्रभारी बिजेंद्र कुमार राठी पर लगा रही थी, शुक्रवार को उनके सुर बदले - बदले नजर आए, जिसके चलते एसएचओ को जमानत दी गई।
महिला थाना प्रभारी नूंह ने बताया कि पीड़ित महिला ने परिवार के साथ आकर कहा कि उसके साथ दुष्कर्म नहीं किया गया बल्कि छेड़छाड़ की गई। उसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जिसे न्यायालय की सलाह पर पुलिस जमानत पर छोड़ दिया गया। जब पीड़ित महिला द्वारा बयान बदलने की बात महिला थाना प्रभारी नूंह से पूछी गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। मामले की जांच पूरी होने पर अगर पीड़ित महिला गलत पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर इस मामले में फिलहाल थाना शहर नूंह प्रभारी बिजेंद्र कुमार राठी को राहत मिल गई है। उन्हें जेल जाने से पहले ही जमानत मिल गई है।
अब यह जांच का विषय है कि जो महिला वीरवार तक एक के बाद एक बेहद गंभीर आरोप शहर थाना एसएचओ बिजेंद्र कुमार राठी पर लगा रही थी। उसके सुर चंद घंटे बाद ही क्यों और किस लिए बदल गए। इस मामले की गहनता से जांच होना जरूरी है। अगर महिला ने गलत शिकायत की है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जरूर होनी चाहिए ताकि फिर कोई महिला इस तरह गलत शिकायत ना कर सके। अगर महिला की शिकायत सही है तो फिर उसने बयान किसके दबाव में और क्यों बदल दिए। इसकी सच्चाई भी जमाने के सामने आनी चाहिए। लेकिन फिलहाल इस मामले में इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह राठी को राहत मिलती दिख रही है।