यमुनानगर : संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, हत्या का आरोप

पुलिस ने मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपित फरार हैं।;

Update: 2021-01-27 11:06 GMT

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर

बुडि़या थाना क्षेत्र के गांव माली माजरा में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपित फरार हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गांव बांसेवाला निवासी हुकम चंद ने बुडि़या पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी लड़की 28 वर्षीय आरती की शादी गांव माली माजरा निवासी अनिल कुमार के साथ की थी। शादी के बाद से ही आरोपित उसकी लड़की को परेशान करते थे। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को दोपहर डेढ़ बजे उसके दामाद अनिल कुमार ने उसे फोन करके कहा कि आरती की तबीयत ठीक नहीं है। यह कहते ही उसने फोन काट दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद दोबारा से उसके मोबाइल पर फोन आया और कहा कि आरती की मौत हो गई है।

सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि उसकी बेटी का शव घर के आंगन में पड़ा है और ससुराल पक्ष के लोग उसका संस्कार करने की तैयारी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी बेटी के साथ दामाद अनिल कुमार, पहल सिंह व सोनिया ने मारपीट कर हत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ धारा 302 व 34 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

उधर, मामले की जांच कर रहे एसआई निर्मल चंद ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News