पांच फ्लेवरों के साथ Haryana के आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों को मिलेगा जायकेदार दूध
हरियाणा महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा (Minister Kamlesh Dhanda) ने बताया कि सीएम मनोहर लाल महिलाओं-बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सजग हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ऐसी कल्याणकारी नीतियां लागू करने का फैसला लिया है। वहीं प्रदेश में प्ले स्कूल खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।;
रणबीर धानियां : कलायत
दूध-दही के खानपान वाले हरियाणा में अब महिलाएं और बच्चे दूध से वंचित नहीं रहेंगे। महिलाओं और बच्चों को पूर्ण पोषक आहार प्रदान करने के लिए राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों में वीटा दूध अन्य खाद्य सामग्री की भांति उपलब्ध करवाया जाएगा। तय कार्ययोजना के अनुसार सप्ताह में छह दिन आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं-बच्चों को पांच फ्लेवरों के साथ-साथ साधारण दूध मुहैया करवाया जाएगा। इस महत्वपूर्ण योजना को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में तेजी से कार्य हो रहा है।
विशेष बातचीत में हरियाणा महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने बताया कि सीएम मनोहर लाल महिलाओं-बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सजग हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ऐसी कल्याणकारी नीतियां लागू करने का फैसला लिया है। हर जरूरतमंद को पूर्ण खुराक मिल सके। योजना के लागू होने से एक नया स्वरूप आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगा। इस मायने से भाजपा की पहली सरकार है जो आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दूध जैसे महत्वपूर्ण जरूरत को पूरा करने जा रही है।
सेहत का पूरा ध्यान
आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण ऐसे परिवारों की फेहरिस्त लंबी है जो जरूरत के अनुसार महिलाओं व बच्चों को दूध सहित पूर्ण पोषक आहार देने में सक्षम नहीं होते। इसके चलते इन परिवारों में बीमारी की दस्तक का खतरा बना रहता है। इनकी सेहत को सुरक्षा का कवच पहनाने के लिए सरकार ठोस कार्यक्रम क्रियान्वित कर रही है। इससे कुपोषण जैसी समस्याओं का अध्याय समाप्त होगा और हर परिवार खुशहाल एवं समृद्धि के साथ जीवन व्यतीत करेगा।
प्रदेशभर में बच्चों के लिए चार हजार प्ले स्कूल खुलेंगे
महिला मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि बच्चों के पूर्ण विकास के लिए सरकार ने प्रदेश में 4 हजार प्ले स्कूल स्थापित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस कदम से खेल-खेल में बच्चों को गुणवत्ता आधारित शिक्षा दी जाएगी। ताकि देश का भविष्य कहे जाने वाले बच्चे हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका अदा कर सके।
500 क्रेच सेंटरों में नौनिहालों को मिलेगा घर जैसा माहौल
कामकाजी दंपति की सहूलियत के लिए हरियाणा में आंगनबाड़ी केंद्रों की तर्ज पर 500 क्रेच सेंटर स्थापित करने का कार्य भी किया जाएगा। ताकि छोटी आयु के बच्चों का केंद्रों में घर की भांति ख्याल रखा जा सके। इस प्रकार की तमाम योजनाओं को महिला मंत्री कमलेश ढांडा ने राज्य में महिला एवं बच्चाें के लिए नए युग की शुरुआत बताया।