कांग्रेस कोऑर्डिनेटर के सामने भिड़े कार्यकर्ता : हुड्डा व किरण गुट के कार्यकर्ताओं में हुई तू-तड़ाक

  • महिला नेत्री ने बिना संगठन चुनाव लड़ने की सलाह दी, किरण गुट ने संगठन के गठन को बताया जरूरी
  • कोर्डिनेटर ने दोनों गुट के कार्यकर्ताओं को अपने विचार रखने का दिया मौका
;

Update: 2023-12-02 14:47 GMT

Charkhi Dadri : कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंचे कोऑर्डिनेटर हंसमुख चौधरी के सामने हुड्डा व किरण चौधरी गुट के बीच संगठन के गठन को लेकर असहमति नजर आई। इस बात को लेकर दोनों गुटों में जमकर बहस हुई। पूर्व मंत्री गुट ने संगठन के गठन को अनिवार्य बताया, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा खेमे से महिला नेत्री ने कहा कि हम बिना संगठन के भी चुनाव जीतने में सक्षम है। इसके बाद कार्यकर्ताओं व कोऑर्डिनेटर ने दोनों को अपने विचार रखने का आग्रह किया।

शहर की रासीवासिया धर्मशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तरफ से लोकसभा क्षेत्र के कोऑर्डिनेटर हंसमुख चौधरी कांग्रेस जिला कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे थे। मीटिंग में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया तथा अपने विचार रखे। बैठक में हुड्डा व किरण गुट में संगठन के गठन के लिए असहमति दिखाई दी। पूर्व मंत्री किरण चौधरी खेमे से पूर्व चेयरमैन अजीत फौगाट ने अपनी बात रखते हुए कहा कि बिना संगठन के चुनाव में पार्टी को नुकसान होता है। संगठन का गठन जल्द होता है तो पार्टी को फायदा मिलेगा। उसी दौरान दूसरे माइक से हुड्डा खेमे से डॉक्टर मनीष सांगवान ने बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने अजीत की बात को काटते हुए कहा कि हमें पार्टी को मजबूत करने के बारे में सोचना चाहिए। अगर पार्टी के लिए कठिन परिश्रम किया जाए तो बिना संगठन के भी चुनाव जीता जा सकता है। मनीषा ने कहा कि यह मत सोचिए की पार्टी ने आपको क्या दिया है बल्कि यह सोचिए कि आपने पार्टी के लिए क्या किया है। इस पर अजीत ने पलटवार करते हुए कहा कि आपको पेशेंस रखना रखिए, इतनी जल्दबाजी ठीक नहीं है। ऐसे बीच में नहीं बोलना चाहिए। अगर संगठन नहीं बना तो हम कमजोर हैं। दोनों के बीच बढ़ती बहस को देखते हुए कोऑर्डिनेटर हंसमुख चौधरी ने कहा कि आप दोनों अपना पक्ष रखें। जिसके बाद मामला ठंडा पड़ा। 

मेरी पार्टी को मजबूत करने की सोच : मनीषा

मीटिंग के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीष सांगवान ने कहा कि उन्होंने कोऑर्डिनेटर हंसमुख चौधरी के समक्ष अपनी राय रखी थी। मेरा मानना है कि अगर पार्टी में रहते हुए निस्वार्थ व लगन से काम किया जाए तो आपको जीत से कोई नहीं रोक सकता। मैं संगठन बनाने की बिलकुल खिलाफ नहीं हूं। लेकिन आज कांग्रेस मजबूत स्थिति में है जो बिना संगठन भी चुनाव जीत सकती है। मेरा काम पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचना है। संगठन विस्तार का फैसला हाईकमान को लेना है।

संगठन से मिलेगी पार्टी को मजबूती : अजीत 

पूर्व चेयरमैन एवं कांग्रेस नेता अजीत फौगाट ने कहा कि उन्होंने कोऑर्डिनेटर के समक्ष जल्द संगठन बनाने की बात रखी थी। क्योंकि संगठन बनने के बाद पार्टी का ग्राफ तेजी से बढ़ेगा। संगठन के बाद लोगों को जिम्मेदारी मिलेंगी और जनता के बीच में रहकर संगठन की मजबूती के लिए बेहतर काम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें - Hisar : अब उन्नत फेको पद्धति से होगी मोतियाबिंद की सर्जरी

Tags:    

Similar News