Yamunanagar : मकान बेचने के नाम पर युवक से बयाने के 25 लाख हड़पे

  • युवक का आरोपियों के साथ 72.70 लाख रुपए में हुआ था मकान का सौदा
  • आरोपियों ने बयाने के पैसे लेकर मकान को दूसरे व्यक्ति को बेचा
;

Update: 2023-12-21 12:11 GMT

Yamunanagar : शहर की राजधानी कॉलोनी निवासी सन्नी से मकान बेचने के नाम पर कुछ लोगों ने बयाने के 25 लाख रुपए हड़प लिए। आरोप कर्ण ओबराय, सनम ओबराय, भारती ओबराय, सुंदर नगर निवासी रमेश पासवान, इंडियन बैंक शाखा के प्रबंधक तथा आईसीआईसीआई बैंक करनाल के प्रबंधक पर लगा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार सन्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे मकान खरीदना था। इस दौरान उसकी मुलाकात कर्ण ओबराय, सनम ओबराय व भारती ओबराय से हुई। आरोपियों ने उसे कहा कि उनका न्यू जैन नगर कॉलोनी में 190 वर्ग गज में मकान बना हुआ है। वह मकान के मालिक है और उसे बेचना चाहते हैं। आरोपियों ने उसे मकान दिखाया। वह मकान उसे पसंद आ गया। जिसके बाद उसका आरोपियों के साथ 72.70 लाख रुपए में मकान का सौदा तय हो गया। आरोपियों ने उसे बताया कि मकान पर इंडियन बैंक से करीब 35 लाख रुपए का कर्जा है। वह रजिस्ट्री से पहले बैंक में पैसे जमा करवाकर रजिस्ट्री उसके नाम करवा देंगे। उसने आरोपियों पर विश्वास करके उन्हें मकान के बयाने के रूप में 25 लाख रुपए दे दिए। मगर इसके बाद आरोपियों ने मकान को रमेश के नाम ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद आरोपी रमेश ने मकान पर आईसीआईसीआई बैंक करनाल से लोन ले लिया। जब उसे इस बारे पता चला तो उसने आरोपियों से बात की मगर उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्हाेंने पैसे देने से मना कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें - गुजवि के सहायक प्रोफेसर की उपलब्धि : मल्टीपरपज स्मार्ट लॉक के डिजाइन को पेटेंट ग्रांट

Tags:    

Similar News