जमीनी विवाद के चलते युवक की हत्या कर गड्ढे में फेंका शव, मृतक के गले व कमर पर चोट के निशान

हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव भमनौली में जमीनी विवाद के चलते युवक की हत्या कर शव को गड्ढे में फेंक दिया। हत्या का आरोप मृतक की भाभी व उसके बेटे पर लगा है।;

Update: 2023-01-29 11:41 GMT

हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर: गांव भमनौली में जमीनी विवाद के चलते युवक की हत्या कर शव को गड्ढे में फेंक दिया। हत्या का आरोप मृतक की भाभी व उसके बेटे पर लगा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपितों को नामजद करते हुए कुछ अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपित फरार हैं।

जानकारी के अनुसार गांव भमनौली निवासी बंटी सुबह लगभग दस बजे सोम नदी के पुल के पास लगते अपने खेतों में जा रहा था। वह जैसे ही पुल के पास से गुजरने लगा तो उसे पुल के पास गड्ढे में जमा पानी में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। बंटी ने तुरंत फोन से सरपंच व ग्रामीणों को सूचना दी। पानी में डूबे शव को पुलिस द्वारा निकालते समय काफी देर तक ग्रामीणों को शव की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन जब शव को बाहर निकाल कर जमीन पर रखा गया तो युवक ही पहचान गांव भमनौली निवासी 25 वर्षीय कुलदीप कुमार के रूप में हुई। मौके पर ग्रामीण जमा हो गए। मृतक कुलदीप कुमार के गले व कमर पर चोट के निशान मिले हैं। जबकि उसके मुंह से खून निकल रहा था। होंठ पर सूजन आई हुई थी।

सूचना मिलने पर मृतक की बहन बेबी व चचेरा भाई अनिल कुमार भी पहुंचे। उन्होंने मृतक की शिनाख्त की। मृतक के चचेरे भाई अनिल ने मृतक की भाभी बबीता तथा उसके लड़के लविश पर कुलदीप की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को नामजद करते हुए कुछ अन्य के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

भाभी के साथ चल रहा था जमीनी विवाद

अनिल ने बताया कि मृतक कुलदीप कुमार के माता पिता का लगभग पांच वर्ष पहले निधन हो गया था। उसकी बड़ी बहन बेबी की शादी हो चुकी है। कुलदीप का एक भाई संजीव था। जिसकी करीब छह माह पहले जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। इससे पहले दोनों भाइयों में जमीन का बंटवारा हो गया था। दोनों भाइयों के पास चार-चार एकड़ जमीन आई थी। कुलदीप उनसे अलग रहता था। संजीव की मौत के बाद उसकी पत्नी बबीता का कुलदीप के साथ जमीनी विवाद हो गया था। मृतक के चचेरे भाई अनिल व बहन बेबी का आरोप है कि बबीता ने अपने बेटे व दो तीन अन्य ने जमीनी विवाद के चलते उसकी हत्या की है।

क्या कहते हैं जांच अधिकारी

थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि मृतक के गले व कमर पर चोट के निशान मिले हैं। उसके चचेरे भाई ने उसकी भाभी व तीन-चार अन्य पर जमीनी विवाद के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बबीता और लविश को नामजद करते हुए कुछ अन्य के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News