Yamunanagar : यूरिया न मिलने पर भड़के किसान, पैक्स बैंक को जड़ा ताला, सरकार को चेताया

यूरिया खाद नहीं मिलने के विरोध में किसानों ने मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में धौड़ंग पैक्स बैंक पर ताला जड़ते हुए नारेबाजी की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बाहर निकालते हुए रोष प्रकट किया और सरकार पर किसानों को बर्बाद करने का आरोप लगाया।;

Update: 2023-08-01 11:06 GMT

Yamunanagar : यूरिया खाद नहीं मिलने के विरोध में किसानों ने मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में धौड़ंग पैक्स बैंक पर ताला जड़ते हुए नारेबाजी की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बाहर निकालते हुए रोष प्रकट किया और सरकार पर किसानों (Farmers) को बर्बाद करने का आरोप लगाया।उन्होंने सरकार को चेताया कि जल्द ही खाद की किल्लत को दूर नहीं किया गया तो जिले भर के किसान बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

भारतीय किसान यूनियन (मान) के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों किसान धौडंग पैक्स बैंक के समक्ष एकत्रित हुए। किसानों ने पैक्स बैंक के मुख्य गेट को ताला जड़ते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर भाकियू के जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने कहा कि जिले भर में यूरिया खाद की किल्लत होने से किसान परेशान हैं। वह अपनी धान व गन्ने समेत अन्य फसलों में यूरिया खाद नहीं डाल पा रहे हैं, जिससे धान व गन्ने की फसल की ग्रोथ रुक गई है। किसानों को बिना यूरिया डाले खेतों से गन्ने व धान की फसल की पैदावार कम निकलने की आशंका सताने लगी है। पैक्स बैंक के कर्मचारियों द्वारा मिलीभगत करके यूरिया खाद को अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है। जबकि किसान यूरिया खाद के लिए तड़प रहे हैं। धौडंग पैक्स बैंक में यूरिया खाद आया था। मगर पैक्स कर्मचारियों ने किसानों को यूरिया खाद देने से मना कर दिया, जिसकी सूचना किसानों ने भाकियू को दी। सूचना मिलते ही वह और यूनियन के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया। 

पुलिस ने दिलवाया खाद

धौड़ंग पैक्स बैंक पर किसानों द्वारा प्रदर्शन करने की सूचना मिलते ही मौके पर सदर थाना यमुनानगर के एसएचओ जोगिंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से बातचीत करके किसानों को खाद दिलवाया, जिसके बाद किसान शांत हो गए। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जिले में खाद की व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान के नेतृत्व में कार्यकारिणी की बैठक करके कड़ा निर्णय लिया जाएगा। 

यह भी पढ़ें - नाबालिग थ्रोबाल खिलाड़ी से गैंगरेप : कोच ने अपने दोस्त के साथ दिया वारदात को अंजाम




Tags:    

Similar News