Yamunanagar : आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर व्यक्ति से हड़पे लाखों रुपए
- पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का केस दर्ज
- पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश में दे रही दबिश
;
Yamunanagar : आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर शहर की रणजीत गार्डन कॉलोनी निवासी भूपिंद्र सिंह से सात लाख रुपए हड़प लिए। आरोप पंजाब के फिरोजपुर निवासी वैशाली उर्फ रेनू, उसके पति राजीव व पंजाब के गांव बराना निवासी रविंद्र पर लगाया। आरोपियों ने पैसे लेकर भूपिंद्र को फर्जी वीजा थमा दिया। आरोपियों ने उसके पैसे वापस नहीं किए और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार भूपिंद्र सिंह ने बताया कि दोषी वैशाली उर्फ रेनू उसके मामा की लड़की है। आरोपी का उसके घर पर आना जाना था। इस दौरान आरोपी ने उसे कहा कि उसका एक जानकार पंजाब के गांव बराना निवासी रविंद्र लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। यदि वह विदेश जाने के इच्छुक है तो वह उससे बात कर सकती है। उसने आरोपी की बातों में विश्वास करके आस्ट्रेलिया जाने की इच्छा जताई। इसके बाद वैशाली अपने पति राजीव व रविंद्र के साथ उनके घर पर आई। आरोपियों ने उसे टूरिस्ट वीजा पर आस्ट्रेलिया भेजने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने उसे सात लाख रुपए पहले तथा चार लाख रुपए आस्ट्रेलिया भेजने के बाद देने को कहा। उसने आरोपियों पर विश्वास करके उन्हें अलग-अलग तारीखों में सात लाख रुपए दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे वीजा थमा दिया। जब उसने वीजा की जांच करवाई तो वह फर्जी मिला। उसने आरोपियों से बात की तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसे देने से मना दिया और दोबारा पैसे वापस मांगने पर उसे झूठे केस में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें - Gurugram : अकाउंटेंट ने कारोबारी को लगाई करोड़ों की चपत