Yamunanagar : पुलिस ने 3 कैफे में छापामारी कर पकड़े 10 लड़के-लड़कियां
- एक कैफे संचालक बाहर से दरवाजे का ताला लगाकर हुआ फरार
- पुलिस ने मौके पर मिस्त्री बुलाकर कैफे का तुड़वाया ताला
;
Yamunanagar : पुलिस ने बुधवार सुबह महिला थाना पुलिस टीम के साथ छोटी लाइन स्थित तीन कैफे में छापामारी (raid) कर 10 लड़के व लड़कियों को पकड़ा। पुलिस रेड की सूचना मिलते ही एक कैफे (cafe) संचालक बाहर से दरवाजे का ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर मिस्त्री को बुलाकर कैफे का ताला तुड़वाया और पकड़े गए लड़के व लड़कियों को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। पूछताछ में पकड़े गए सभी लड़के व लड़कियां बालिग मिले, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
शहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के छोटी लाइन स्थित कैफे में अनैतिक कार्य चल रहा है। सूचना मिलते ही शहर यमुनानगर थाना प्रभारी पिरथी सिंह ने महिला पुलिस थाना प्रभारी दीपिका तथा अन्य पुलिस टीम के सदस्यों को साथ लेकर उक्त स्थान पर छापामारी की। पुलिस टीम की छापामारी की सूचना मिलते ही कैफे संचालक पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही बाहर से दरवाजे का ताला लगाकर वहां से फरार हो गया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर मिस्त्री को बुलाकर ताला तुड़वाया। इस दौरान कैफे से पांच लड़के व पांच लड़कियां बरामद हुई। पुलिस टीम पकड़े गए लड़के व लड़कियों को पूछताछ के लिए अपने साथ पुलिस थाने ले गई। इसके साथ ही पुलिस टीम ने दो अन्य कैफे पर भी छापामारी की।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
शहर यमुनानगर थाना प्रभारी पिरथी सिंह ने बताया कि पकड़े गए सभी लड़के लड़कियां बालिक है। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया है। शहर में अनैनिक कार्य नहीं होने दिए जाएंगे। पुलिस टीम समय-समय पर कैफे व होटलों में छापामारी कर अनैतिक कार्य करने वालों पर शिकंजा कसती है। उनकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।