सोनीपत में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक : सुबह 11 बजे से बैठा ऊपर, रात तक मनाने में लगी रही पुलिस, ये है मांग

सिटी थाना पुलिस, कोर्ट कांप्लैक्स चौकी पुलिस और लेखपाल मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने पर जयभगवान तहसीलदार को बुलाने की मांग करने लगा। मौके पर पहुंचे तहसील स्टाफ ने उसकी मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा।;

Update: 2022-08-06 16:21 GMT

हरिभूमि न्यूज़  : सोनीपत

सोनीपत के मोहाना थाना क्षेत्र के जाजी गांव में अवैध कब्जे हटाने के विरोध में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह सुबह 11 बजे गोहाना रोड बाईपास के पास स्थित टावर पर चढ़ गया और तरह-तरह की मांग कर रहा है। पुलिस उसको उतारने के प्रयास में जुटी है। उसके स्वजन भी गांव से बुला लिए गए हैं। प्रशासन की ओर से अवैध कब्जे हटवाने का अभियान चल रहा है। प्रशासन को पिछले दिनों शिकायत मिली थी कि मोहाना थानाक्षेत्र के जाजी गांव में लोगों ने अवैध कब्जे किए हुए हैं। इस सूचना के आधार पर जिला प्रशासन की टीम मौका-मुआयना करने शुक्रवार को जाजी गांव गई थी। उसके विरोध में जाजी गांव का युवक जयभगवान मिनी सचिवालय पहुंचा। वह उपायुक्त और एसपी से मिलने के लिए आए थे, लेेकिन साप्ताहिक अवकाश होने के चलते अधिकारी नहीं मिले। इससे नाराज होकर जयभगवान गोहाना बाइपास पर पहुंच गया और पेट्रोल पंप के बराबर में एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह शोर मचाकर टावर से कूदने की धमकी देने लगा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।

सिटी थाना पुलिस, कोर्ट कांप्लैक्स चौकी पुलिस और लेखपाल मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने पर जयभगवान तहसीलदार को बुलाने की मांग करने लगा। मौके पर पहुंचे तहसील स्टाफ ने उसकी मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा। जिला प्रशासन की टीम जाजी गांव से उसकी मां और भाई को लेकर मौके पर पहुंची। उन्होंने भी जयभगवान से नीचे उतरने की गुहार लगाई, लेकिन उसने एक नहीं सुनी। देर शाम तक जयभगवान टावर पर ही चढ़ा हुआ था। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर जमी हुई है। टावर के आसपास लाइट की व्यवस्था की गई है। एसएचओ थाना सिटी इंस्पेक्टर वजीर सिंह ने बताया कि टावर पर चढ़ा युवक जाजी गांव का जयभगवान है। उसको नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। वह इससे पहले भी कई बार मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास कर चुका है।


Tags:    

Similar News