Himachal CM Race: बीजेपी के 6-7 MLA कांग्रेस करेंगे जॉइन! पढ़िये सीएम दौड़ में शामिल सुक्खू ने ऐसा क्यों कहा
कांग्रेस को जहां हिमाचल चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद उनके विधायकों के बिकने का डर था, वहीं अब हिमाचल सीएम दौड़ में शामिल सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि टूट बीजेपी में होगी और उनके छह सात विधायक जल्द कांग्रेस को जॉइन कर सकते हैं। पढ़िये उनके दावे के पीछे की वजह...;
Himachal Politics: पहाड़ की जनता ने अपना रिवाज कायम रखते हुए इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को विजयी बनाया है। हिमाचल में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज की हैं। पहले कांग्रेस ने भाजपा पर विधायकों की खरीदकर सरकार बनाने की साजिश रचने का आरोप लगाया था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को जीत और सरकार बनाने की शुभकामनाएं देते सभी आरोपों का खंडन कर दिया था। हालांकि अब हिमाचल की सीएम दौड़ में शामिल सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चौंकाने वाला दावा कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी एकजुट है, लेकिन बीजेपी से तो छह से सात विधायक जल्द कांग्रेस जॉइन कर सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की अब तक की सबसे मजबूत सरकार होगी। उन्होंने कहा कि हमें 3 निर्दलीय विधायक भी अपना समर्थन दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आने वाले समय में बीजेपी के 6-7 विधायक भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
Himachal Pradesh will have the most stable govt of Congress.40 MLAs were elected & 3 other MLAs have pledged their support. We're 43 MLAs. Nobody will break away from Congress but from BJP. They only set narratives. In the time to come, 6-7 BJP MLAs can come to Congress: SS Sukhu pic.twitter.com/z6tbtKjzlP
— ANI (@ANI) December 10, 2022
सीएम बनने के सवाल पर भी दिया यह जवाब
हिमाचल कांग्रेस में सीएम की दौड़ में तीन दावेदार हैं। कल सीएम के नाम पर सहमति बनाने के लिए नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन इसमें एक लाइन का प्रस्ताव पास हो सका। फैसला हुआ कि सीएम का चयन कांग्रेस हाईकमान तय करेंगे और यह फैसला सभी विधायकों को मान्य होगा। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल सुखविंद्र सिंह सुक्खू से जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं कभी भी सीएम दौड़ में नहीं था, न तो आज और न ही भविष्य में। उन्होंने कहा कि मैं एक कांग्रेस कार्यकर्ता हूं और मैंने हमेशा एक कार्यकर्ता के रूप में ही पार्टी के लिए काम किया है। कांग्रेस पार्टी में मैंने कभी पद की इच्छा नहीं दिखाई। पार्टी ने जो भी फैसला किया मैंने हमेशा उनके आदेश का पालन किया है।
वहीं, राज्य का मुख्यमंत्री बनने के लिए कई दावेदारों का नाम सामने आ रहा है। सीएम की दौड़ में सबसे पहले स्थान पर प्रतिभा सिंह और दूसरे पर सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। इसके अलावा मुकेश अग्निहोत्री भी दौड़ में हैं। हालांकि तीनों ने यही बात दोहराई है कि कांग्रेस एकजुट है और सीएम का नाम सर्वसम्मति से चुना जाएगा। उनका कहना है कि कांग्रेस हाईकमान का जो भी फैसला होगा, सभी को स्वीकार होगा।