Himachal के राज्यपाल Shiv Pratap Shukla की बिगड़ी तबीयत, नोएडा के अस्पताल में भर्ती, डॉक्टर ने दिया ये अपडेट
हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला दिल्ली दौरे पर हैं, उनको अचानक से सीने में दर्द की शिकायत के बाद नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।;
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला दिल्ली दौरे पर हैं। उनको अचानक से सीने में दर्द की शिकायत के बाद नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 70 वर्षीय शुक्ला को आधी रात कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वह शनिवार से दिल्ली दौर पर हैं, इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य लोगों से शिष्टाचार मुलाकात की। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के विकासात्मक मुद्दों पर भी गहन चर्चा की।
कुछ टेस्ट के बाद मिलेगी छुट्टी
शिव प्रताप शुक्ला को रविवार की रात को कैलाश के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद से उनका उपचार लगातार जारी है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। कुछ टेस्ट करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
कैसा रहा कार्यकाल
हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल पद संभालने के बाद शिव प्रताप शुक्ला का यह पहला दिल्ली दौरा है। शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का 29वां गवर्नर नियुक्त किया गया था। शुक्ला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रुद्रपुर के निवासी हैं। शुक्ला चार बार विधायक, तीन बार केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा के सदस्य का पदभार भी संभाल चुके हैं।
इन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ की थी। इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए 1975 के आपातकाल में शिव प्रताप शुक्ला को जेल भी जाना पड़ा था। इसके बाद उनकी रिहाई 18 महीने बाद 1977 में हुई थी।