शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज बोले- भाखड़ा बांध विस्थापितों की समस्याओं का जल्द निपटारा करेगी सरकार
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जयराम सरकार भाखड़ा बांध विस्थापितों की समस्याओं का जल्द निपटारा करेगी। इस बारे में वित्तायुक्त राजस्व की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है।;
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि जयराम सरकार भाखड़ा बांध विस्थापितों की समस्याओं का जल्द निपटारा करेगी। इस बारे में वित्तायुक्त राजस्व की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें विधायकों को सदस्य बनाया गया है। झंडूता, सदर, नयना और कुटलैहड़ के विधायक इसके सदस्य हैं। अभी जिला ऊना के कुटलैहड़ के विधायक की ओर से डीसी को दिए सुझाव नहीं आए हैं।
वहीं से एजेंडा न आने के कारण मामला रुका है। सभी विधायकों के सुझाव आते हैं तो इस बारे में कमेटी बैठक कर निर्णय करेगी। भाखड़ा बांध विस्थापितों की समस्याओं का समाधान अगर इसी सरकार में हो गया तो यह गर्व की बात रहेगी। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान नयना देवी के कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर ने सवाल किया कि वह दो तीन-विषयों को ध्यान में लाना चाहते हैं। बिलासपुर के अलावा ऊना के कुटलैहड़ में भी किसानों को बहुत नुकसान हुआ है। बिलासपुर और ऊना के विस्थापितों की आज भी स्थिति खराब है।
इस पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सरकार की ओर से भाखड़ा बांध के ग्रामीण और शहरी विस्थपितों के लिए नई नीति बनाई गई है। इसके लिए जिला के विधायक की एक हाई पावर कमेटी बनाई गई है तथा उन्हें अपनी-अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश जारी किए जाएं। यह कमेटी वर्ष 2019 में बनी। यह कमेटी समाधान निकालेगी। बिलासपुर के भाजपा विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि भाखड़ा विस्थापितों ने जहां मकान बनाए हैं, उन्हें वहीं पर सेटल किया जाए। उनके कनेक्शन काटने के बजाय उनकी सेटलमेंट की जाए।