कांगड़ा: खेतों में मिला युवक का शव, गांव में दहशत का माहौल
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक किशोर की लाश मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पड़ताल कर रही है।;
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक किशोर की लाश मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार, ये थाना डमटाल के अंतर्गत गांव छन्नी बेली के डमटाल की घटना है। बता दें कि नाबालिग का शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
एएसपी कांगड़ा दिनेश कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने थाना डमटाल में सूचना दी थी कि छन्नी गांव के पीछे चक्की खड्ड के पास खेतों में एक युवक की लाश पड़ी है। थाना प्रभारी डमटाल हरीश गुलेरिया के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची तथा हालात का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और लाश का गहनता से अवलोकन किया। मृतक की पहचान विशाल पुत्र बलविंदर सिंह गांव डमटाल इंदौरा, कांगड़ा के रूप में की गई है। मृतक की उम्र मात्र 17 साल है।
नाबालिग के पिता ने बताया कि बेटा बुधवार सुबह घर से निकला था और शाम को घर वापस नहीं आया। गुरुवार सुबह सूचना मिली है कि बेटे की लाश मिली है। किशोर के शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने धारा-174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया है और कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।