Mausam Ki Jankari: हिमाचल में बर्फ के पहाड़ों को देखने उमड़े पर्यटक, कारोबारियों में उत्साह

Mausam Ki Jankari: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी से पर्यटकों के हिमाचल जाने में इजाफा हुआ है। पर्यटकों के हिमाचल पहुंचने से कारोबारियों ने खुशी जाहिर की है।;

Update: 2020-12-14 11:40 GMT

Mausam Ki Jankari: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी से पर्यटकों के हिमाचल जाने में इजाफा हुआ है। पर्यटकों के हिमाचल पहुंचने से कारोबारियों ने खुशी जाहिर की है। प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद प्रमुख पर्यटक स्थलों कुफरी, नारकंडा, मनाली, खज्जियार, मैकलोडगंज और सोलंगनाला में बर्फ से मस्ती करने के लिए सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। बर्फ से लकदक वादियों के दीदार के लिए बड़ी संख्या में हिमाचल पहुंच रहे हैं। उधर, राज्य पर्यटन विकास निगम ने अपने होटलों में 31 मार्च 2021 तक कमरों की बुकिंग पर 40 फीसदी का छूट देने का फैसला लिया है। इससे पहले इस छूट को 31 दिसंबर 2020 तक देने की घोषणा की गई थी। अब निगम ने छूट को तीन महीने के लिए और बढ़ा दिया है।


शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौली, कसौली, चंबा सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में स्थित निगम के होटलों में छूट की सुविधा मिलेगी। कमरों की बुकिंग करवाने के लिए सैलानियों को पर्यटन निगम की वेबसाइट पर सभी होटलों की रेट लिस्ट के साथ जानकारी मिलेगी। निगम ने इस बाबत वेबसाइट को अपडेट कर दिया है। उधर, बर्फबारी से बंद अटल टनल रोहतांग से अब पर्यटक वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। सैलानी अब अटल टनल के साउथ और नार्थ पोर्टल पर पहुंच रहे हैं। मनाली के सोलंगनाला में भी सैलानियों का तांता लगा हुआ है। मनाली-केलांग मार्ग फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल है। 

मनाली के आसपास ही बर्फ की सफेद चादर को देखकर पर्यटकों ने खूब मौज मस्ती कर रहे हैं। सोलंगनाला में साहसिक खेल स्कीइंग, स्नो स्कूटर, माउंटेन बाइक, ट्यूब आदि पर मस्ती पर्यटक करते नजर आए। ताजा बर्फबारी के बाद सोलंगनाला में स्की ढलान पर्यटकों के लिए स्नो प्वाइंट बन गई है। उधर, पर्यटन नगरी मनाली में हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद जगी है। क्रिसमस और नववर्ष से पहले बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं।


आपकों बता दें ताजा बर्फबारी के बाद मनाली की वादियों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। ऐसे में बर्फ को देखने की चाह में विभिन्न राज्यों से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। मनाली के होटलियर विनित मेंहदी रत्ता, अजय अग्रवाल, संदीप सूद ने कहा कि कोरोना के कारण पर्यटन कारोबार पिट गया है। लेकिन मनाली में नवंबर और दिसंबर माह में बर्फबारी होने से अब पर्यटकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।

नववर्ष में मनाली में पर्यटन कारोबार के पटरी पर लौटने की उम्मीद जताई जा रही है। हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान गुप्त राम ठाकुर, स्नो स्कूटर एसोसिएशन के प्रधान भूमि देव ठाकुर ने कहा कि बर्फबारी होने से देश के विभिन्न राज्यों से पर्यटक बर्फ के दीदार के लिए मनाली पहुंच रहे हैं।

Tags:    

Similar News