ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा पर फिर साधा निशाना, लगाया ये बड़ा आरोप

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा को झूठों की पार्टी बताया है। आपको बताते चलें कि ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा के प्रति कड़ा रूख अपनाया हुआ है।;

Update: 2020-12-25 14:03 GMT

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा को झूठों की पार्टी बताया है। आपको बताते चलें कि ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा के प्रति कड़ा रूख अपनाया हुआ है। उन्होंने बलिया जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा किसानों की नहीं बल्कि अडानी और अंबानी की चौकीदारी कर रही है। राजभर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि हम कोरोना को नहीं मानते हैं। सर्दी या खांसी ये बहुत पुरानी बीमारी है। जब कोविड-19 की दवाई बनी नहीं तो 98 फीसदी रोगी कैसे ठीक हो जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों, कमजोर, पिछड़े ,दलित और अल्पसंख्यक को कोविड के नाम पर गरीब बनाने की कवायद कर रही है।

गृहमंत्री अमित शाह पर साधा निशाना

राजभर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि गृह मंत्री के पश्चिम बंगाल की रैली को देख लीजिए। रैली में कहीं कोई मास्क पहनते दिखाई नहीं दिया। बिहार विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश के विधानसभा उप चुनाव में भी यही दृश्य दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कोरोना नहीं है और चुनाव खत्म होते ही कोरोना की चर्चा शुरू हो जाती है।

बौखलाई हुई हैं सारी पार्टियां: राजभर

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एआईएमआईएम के साथ गठबंधन और उत्तर प्रदेश को पाकिस्तान बनाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि आज ओमप्रकाश राजभर के साथ ओवैसी आ गए हैं तो सारी पार्टियां बौखलाई हुई हैं, क्योंकि 22 फीसदी वोट ओवैसी का है और आठ फीसदी वोट पूर्वांचल में ओमप्रकाश राजभर का है। हमारे साथ भागीदार संकल्प मोर्चा है, जिसका वोट 43 फीसदी है। 

Tags:    

Similar News