शहर में 10 साल बाद 35 डिग्री पार गर्मी, 25 से आएगी तापमान में कमी
भोपाल। राजधानी में मंगलवार को दिन के तापमान में लगातार चौथे दिन तेजी से वृद्धि दर्ज की गई। दिन का तापमान 21 फरवरी को दर्ज रिकार्ड के लिहाज से 10 साल में पहली बार 35 डिग्री को पार कर गया।;
भोपाल। राजधानी में मंगलवार को दिन के तापमान में लगातार चौथे दिन तेजी से वृद्धि दर्ज की गई। दिन का तापमान 21 फरवरी को दर्ज रिकार्ड के लिहाज से 10 साल में पहली बार 35 डिग्री को पार कर गया। यहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 6 डिग्री अधिक है। रात का पारा दूसरे दिन भी 14.2 डिग्री पर थमा रहा। मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिन तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार 25 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा, इसके असर से भोपाल सहित कई जिलों में बादल छाएंगे। इससे तापमान में भी गिरावट होगी।
मार्च की शुरूआत में नहीं होगी तेज गर्मी:
मौसम विशेषज्ञ श्री शुक्ला के अनुसार इस बार फरवरी के अंत में तापमान में कमी आएगी, जिससे मार्च की शुरूआत तेज गर्मी से नहीं होगी। मार्च के पहले सप्ताह के अंतिम दिनों में गर्मी जोर पकड़ेगी, जिससे 15 मार्च तक दिन का पारा 42 डिग्री को पार कर सकता है। इसके साथ ही मार्च में मौसम में कई बार उतार-चढ़ाव भी होंगे। जिससे पूरे महीने का औसत अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
10 साल बाद शहर में इतनी गर्मी:
मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रहा। वर्ष 2013 से फरवरी 2022 के बीच 21 फरवरी को इतना तापमान कभी दर्ज नहीं हुआ। फरवरी के पूरे महीने की बात करें तो 20 फरवरी 2016 को 35.3, 22 तारीख को 35.8 और 28 फरवरी को 35.5 डिग्री तक रह चुका है। आमतौर पर फरवरी के अंतिम सप्ताह में गर्मी बढ़ती है, लेकिन इस बार डब्ल्यूडी के कारण तापमान में कमी आने से उम्मीद है कि माह के अंत में गर्मी से कुछ राहत रहेगी।