CM के साथ हेलीकॉप्टर में सवार चारों बड़े नेता कोरोना पॉजिटिव, बीजेपी में हड़कंप

सत्ता व संगठन के ज्यादातर नेता कोरोना संक्रमण की चपेट में, बाकी क्वारेंटाइन। पढ़िए पूरी खबर-;

Update: 2020-07-30 15:21 GMT

भोपाल। विगत दिनों राज्यपाल डॉ. लालजी टंडन दुखद निधन के बाद शोक संवेदना व्यक्त करने भाजपा के सत्ता व संगठन से जुड़े चार प्रमुख नेता स्व. टंडन के घर लखनऊ गए थे, ये चारों नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत एक-एक करके कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। सबसे पहले मंत्री अरविंद भदौरिया की पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी, बाद में बाकी तीनों नेता पॉजिटिव निकले। प्रदेश सरकार व भाजपा के अनेक मंत्री, नेता कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जबकि बाकी मंत्री क्वारेंटाइन हैं। इसके चलते सत्ता व संगठन की गतिविधिया जहां प्रभावित हुई हैं, वहीं उपचुनाव का सामना कर रही भाजपा के चुनावी अभियान पर भी असर पड़ा है।

प्रदेश में भाजपा सरकार के दूसरे मंत्रीमंडल विस्तार के पहले से ही संगठन की राजनीतिक गतिविधियां अचानक तेज हो गई थीं। मंत्री पद के दावेदार नेता बड़ी संख्या में अपने साथ अपने समर्थक और कांग्रेस कार्यकतार्ओं को भाजपा में शामिल कराने राजधानी पहुंचे और प्रदेश भाजपा कार्यालय में उनका सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम हुआ। इन कार्यक्रमों में कई बार कार्यकतार्ओं ने सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया। जबकि इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रीगण, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, मंत्री पद के दावेदार और वरिष्ठ विधायक, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस आपाधापी में कार्यकतार्ओं ने अपने क्षेत्रों से भोपाल आने-जाने में भी पर्याप्त सावधानियां नहीं बरतीं। अनेक अवसरों पर मंत्री पद के दावेदार या पहले विस्तार में मंत्री बन चुके और उपचुनाव का सामना कर रहे नेताओं ने ही अनेक कार्यकतार्ओं की मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से भेंट कराई। जिसका नतीजा यह हुआ कि अब एक-एक करके प्रदेश भाजपा के ज्यादातर नेता कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं। राज्यपाल रहे लालजी टंडन के विगत दिनों निधन के बाद हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत लखनऊ गए थे। इनमें से सबसे पहले अरविंद भदौरिया की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। भदौरिया ने केबिनेट की बैठक और भाजपा संगठन की बैठकों में भी हिस्सा लिया था। भदौरिया के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कोरोना पॉजिटिव हो गए, इसके बाद सुहास भगत और बाद में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी पॉजिटिव हुए। इस तरह भदौरिया के साथ लखनऊ गए चारों नेता पॉजिटिव निकले। बाद में सिलिसला चला और प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक व संगठन में भाजपा के नेता कोरोना पाजिटिव हो चुके हैं।

संघ के नेता भी हुए महामारी के शिकार 

संघ से भाजपा में आए सुहास भगत के साथ ही भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी भी कोरोना पाजीटिव पाए गए। इससे पहले जबलपुर के आरएसएस कार्यालय केशव कुटी में 12 स्वयंसेवक व संघ पदाधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसी प्रकार मालवा प्रांत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बलिराम पटेल और विभाग प्रचारक आशीष जादौन भी कोरोना पॉजिटिव। रामबाग स्थित संघ के मुख्यालय अर्चना में 10 व्यक्ति कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। इनके अलावा भोपाल संघ कार्यालय में भी कुछ स्वयंसेवक कोरोना पॉजिटिव निकले थे, जिसके बाद ही पहली बार ऐसा हुआ कि भोपाल आए संघ प्रमुख डॉ मोहन राव भागवत यहां संघ कार्यालय नहीं गए।

यह भी निकल चुके कोरोना पॉजिटिव 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उनके अपर सचिव ओपी श्रीवास्तव भी कोरोना पॉजिटिव होकर चिरायु अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। राज्य सरकार के मंत्रीगण अरविंद भदौरिया, रामखेलावन पटेल, तुलसी सिलावट निकले हैं। मंत्री सिलावट की धर्म पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव निकलीं। रीवा जिले के देवतालाब विधायक गिरीश गौतम, उनकी पत्नी एवं नौकर, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के स्टाफ से भी एक कोरोना संक्रमित मिल चुका है। पूर्व विधायक व उपचुनाव का सामना कर रहे कमलेश जाटव कोरोना पाजिटिव हैं। इंदौर सांसद शंकर लालवानी के परिवार के चार लोग कोरोना संक्रमित हैं। इसके पूर्व में तत्कालीन विधायक और अब मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा व विधायक दिव्यराज सिंह भी विधायक दल की बैठक के दौरान कोरोना संक्रमित हुए थे। 

Tags:    

Similar News