महिला पुलिसकर्मी से बहस : पूर्व वित्तमंत्री बोले- 'एक बार नहीं सौ बार करूंगा'
उन्होंने पुलिस पर लॉकडाउन में पैसे लेने का भी आरोप लगाया है। आगे कहा कि- मैंने महिला आरक्षक को कोई अपशब्द नहीं कहे हैं। पढ़िए पूरी खबर-;
जबलपुर। महिला प्रधान आरक्षक से बहस करने के मामले में पूर्व वित्तमंत्री तरुण भनोट ने बयान दिया है। उन्होंने राजनैतिक कार्यकर्ता के समर्थन में खड़े होने का हवाला देते हुए कहा है कि- आम जनता के लिए एक बार नहीं सौ बार बहस करूंगा। उन्होंने पुलिस पर लॉक डाउन में पैसे लेने का भी आरोप लगाया है। आगे कहा कि- मैंने महिला आरक्षक को कोई अपशब्द नहीं कहे हैं।
यह मामला जबलपुर के गोराबाजार क्षेत्र का है। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत और महिला हेड कांस्टेबल के बीच चालान काटने को लेकर विवाद हो गया इसके बाद तरुण भनोत ने महिला हेड कांस्टेबल को खरी-खोटी सुना दी। उसे सस्पेंड कराने की धमकी तक दे डाली। इस पूरे मामले का वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल हुए वीडियो में पूर्व वित्त मंत्री साफ कहते नजर आ रहे हैं कि मास्क की आड़ में वसूली हो रही है। फिर महिला को डांटते हुए कह रहे हैं कि अपने थाना प्रभारी का नंबर बताओ। महिला हेड कांस्टेबल लक्ष्मी बेन ने भी उसी तेवर से जवाब दिया कि पता कर लो। मैं तो शासन के आदेश का पालन कर रही हूं। पूर्व वित्त मंत्री ने मौके से ही थाने के TI सहदेव राम साहू को कॉल लगाया। धमकी देते हुए बोले कि हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दो, नहीं तो मैं तुम्हारे खिलाफ शिकायत कर दूंगा।
जानकारी के मुताबिक गोराबाजार थाने की हेड कांस्टेबल लक्ष्मी बेन की सोमवार को थाने के पास ही चेकिंग लगी थी। वह चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वहां से निकले एक डंपर चालक का बिना मास्क में चालान बनाया। इसके अलावा वहां कई अन्य लोगों के भी बिना मास्क में चालान बनाया गया। इसी बीच किसी ने कांग्रेस विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत से शिकायत की। मौके पर कार से पहुंचे पूर्व वित्त मंत्री भनोत हेड कांस्टेबल लक्ष्मी बेन पर भड़क गए।