Bhopal new nagar nigam headquarter : निर्माणाधीन निगम मुख्यालय को तैयार होने में एक साल का और वक्त लगेगा

राजधानी में नगर निगम के नए बन रहे मुख्यालय भवन को तैयार होने में अभी एक वर्ष से ज्यादा का समय लग सकता है।;

Update: 2023-10-17 01:50 GMT

भोपाल। राजधानी में नगर निगम के नए बन रहे मुख्यालय भवन को तैयार होने में अभी एक वर्ष से ज्यादा का समय लग सकता है। इसकी डेड लाइन फिर बदली गई है। अब इस भवन को तैयार होने में अगले वर्ष दिसंबर माह की डेड लाइन तय की गई है। जबकि सिविल वर्क अगले वर्ष जून माह तक पूरा होने की डेड लाइन तय की गई है। इसके बाद भवन में फर्नीचर के लिए टेंडर होंगे, जिसमें 6 माह से ज्यादा का समय लग सकता है।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस भवन को तैयार करने में इस समय वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। नई सरकार आने के बाद ही फर्नीचर आदि काम के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो पाएगी।

सोलर पैनल व एसपीटी के लिए भी टेंडर होना है

नगर निगम के निर्माणाधीन भवन की डेड लाइन बदलने से फर्नीचर के साथ ही सोलर पैनल, एसपीटी के लिए भी टेंडर होना है। इसमें पानी, बिजली बाहर से नहीं आएगी। यहां बनने वाली पार्किंग और भवन की छत पर सौलर पैनल लगेंगे, जबकि नीमच से आने वाली नगर निगम की विंड एनर्जी का भी उपयोग इसमें किया जाएगा।

काम शुरू होते समय कांसेप्ट ग्रीन बिल्डिंग का था

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस भवन का कांसेप्ट ग्रीन बिल्डिंग का था। अभी तक यही कांसेप्ट है और प्रयास यही है कि ग्रीन बिल्डिंग का कांसेप्ट रहे। इसमें 9 मंजिलों तक कहीं भी एसी, कूलर व फॉल्स सीलिंग का उपयोग नहीं होगा। इसके बाद भी पूरा भवन गर्मी के मौसम में भी एसी के समान ठंडा रहेगा। इसके लिए पाइप में पानी और सौर ऊर्जा से चलने वाले छोटे पंखे रहेंगे। जबकि कहीं भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले सामान का भी इसमें कोई उपयोग नहीं होगा।

3 ब्लॉक में बन रही है ग्रीन बिल्डिंग

नगर निगम का यह मुख्यालय लिंक रोड नंबर दो पर सेंट मेरी स्कूल के सामने बन रहा है, जिसमें तीन ब्लाॅक हैं। इसके निर्माण पर लगभग 23 करोड़ खर्च होंगे। ग्रीन बिल्डिंग के कांसेप्ट बन रहे मुख्यालय की लागत कम करने के लिए इसे हाईराइज नहीं बनाया जा रहा है।

एक ही जगह होंगे सभी दफ्तर

पूरा नगर निगम 10 जगहों पर बंटा है। माता मंदिर, पीएचई दफ्तर, लिंक रोड नंबर 3, आईएसबीटी, न्यू मार्केट, आचार्य नरेंद्रदेव पुस्तकालय, श्यामला हिल्स, शाहपुरा व पुराने शहर के फतेहगढ़ में 4 अलग-अलग भवन में निगम के दफ्तर लगते हैं। निगम मुख्यालय स्थापना के समय से ही सदर मंजिल में था।2015 में इसे खाली कर दिया गया।

एक हजार पौधे नए लगाए जाएंगे

ननि अधिकारियों के अनुसार भवन के बाहर बनने वाले एसटीपी का पानी री.साइकिल कर सभी वॉशरूम में उपयोग किया जाएगा। इससे साफ सफाई रखने में भी सहयोग मिलेगा। भवन के आसपास पुराने पेड़ों को नहीं काटा गया है। जबकि भवन बनने के बाद एक हजार पौधे नए लगाए जाएंगे।

Tags:    

Similar News