Bhopal News : हुजूर को तीसरे फ्लाईओवर की सौगात, 49 करोड़ से चौपड़ा कलां में बनेगा
हुजूर में ताबड़तोड़ विकास कार्यों के भूमिपूजन का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने 100 करोड़ से अधिक लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया था।;
भोपाल। हुजूर में ताबड़तोड़ विकास कार्यों के भूमिपूजन का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने 100 करोड़ से अधिक लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया था, जिसमें तूमड़ा में बनने वाले 2 फ्लाईओवर भी शामिल थे। मंगलवार को भी उन्होंने 50 करोड़ के विकास का तोहफा हुजूर विधानसभा को दिया।
भोपाल का ध्यान अपनी ओर खींचती
चौपड़ा कलां में भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि - पहले जो लोग हुजूर विधानसभा को पिछड़े की संज्ञा देते थे, हुजूर को भोपाल से अलग समझते थे, आज हुजूर का कायाकल्प देखकर उन लोगों की आंखे चौंधाया गई हैं। आज वो लोग भी हुजूर के ग्रामीण क्षेत्रों में प्लॉट खरीदने लगे हैं। क्योंकि वो जानते हैं कि अब हुजूर की यह विकास यात्रा रूकने वाली नहीं है। यहाँ तरक्की के नवीन उपाय निरंतर होते रहेंगे। आज चाहे गांव हो या शहर, सड़क, पानी, बिजली हो या आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर हर ओर विधानसभा की तरक्की पूरे भोपाल का ध्यान अपनी ओर खींचती है।
अपने सौंदर्य से भोपाल भर को लुभाएगा
विधायक शर्मा ने कहा जब तक संकल्प पूरा नहीं होता, हुजूर को प्रदेश की नंबन-1 विधानसभा नहीं बना देता, तब तक मैं चैन से नहीं बैठने वाला। चौपड़ा कलां के फ्लाईओवर को लेकर उन्होंने कहा कि यहां पर फ्लाई ओवर बनाने के लिए मेरे मन में बहुत दिनों से विचार चल रहा था, लेकिन हम ऐसा फ्लाई ओवर बनाना चाहते थे जिससे किसी को परेशानी भी न हो, आज ऐसे ही फ्लाईओवर का भूमिपूजन किया है, जिससे किसी नागरिक को कोई समस्या नहीं होगी। हम पीने के पानी की भी स्थाई व्यवस्था कर रहें। हैं। और इसके साथ ही दिसंबर के बाद बिजली के स्थाई कनेक्शन करवाकर लाइटें भी लगवा दी जाएंगी। फिर हमारा चौपड़ा कलां गांव अपने सौंदर्य से भोपाल भर को लुभाएगा।
चौपड़ा कलां के विक्रम को याद कर भावुक हुए रामेश्वर
फ्लाईओवर भूमिपूजन के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा चौपड़ा कलां के रहवासी सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम मीना को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि विक्रम बहुत सहज सरल था, क्षेत्र की समस्याएं लेकर मुझसे मिलता रहता था। उसके मन में क्षेत्र की तरक्की की चाह थी। उसकी चाह को अमर बनाने के लिए मैं घोषणा करता हूं कि चौपड़ा कलां का यह फ्लाईओवर विक्रम मीणा के नाम से जाना जाएगा। मैं जब तक जिंदा रहूंगा विक्रम की यादें मेरे मन में बनी रहेंगी। विधायक शर्मा ने कहा कि 11 महीने के अंदर ही यह पुल तैयार हो जाएगा।