Bhopal News : हार्ट अटैक से हुई पति की मौत, पत्नी कर रहीं थी लोगों का टीकाकरण, अंग किए दान

अयोध्या नगर निवासी 62 वर्षीय सत्यदेव पाल की शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल ले गए।;

Update: 2023-11-04 03:07 GMT

भोपाल। अयोध्या नगर निवासी 62 वर्षीय सत्यदेव पाल की शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने ह्रदयघात के कारण मौत होने की जानकारी दी। इस दौरान उनकी पत्नी नियमित टीकाकरण के कार्य के लिए गई हुई थी।सत्यदेव पाल ने अपना रजिस्ट्रेशन कर अंगदान की शपथ ली थी। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संध्या पाल ने अपने पति की असमय मृत्यु के बाद इस संकल्प को पूरा किया। हमीदिया अस्पताल में परिजनों ने मृतक की कार्निया और त्वचा को दान करवाया है। सत्यदेव पाल ने अपनी पत्नी से प्रेरणा लेकर अंगदान कार्यक्रम से जुड़कर अपना पंजीयन कराया था। जिसका सम्मान करते हुए संध्या पाल ने परिवार व रिश्तेदारों के सामने पति के अंगदान की इच्छा जताई। जिस पर सभी ने सहमति दी।

हमीदिया को पहली बार अंगदान में मिली त्वचा

सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी ने हमीदिया अस्पताल और ऑर्गन डोनेशन सोसाइटी के डॉ. राकेश भार्गव से संपर्क कर अंगदान के लिए व्यवस्था करने को कहा। जिसके बाद हमीदिया को पहली बार किसी व्यक्ति की त्वचा को अंगदान से मिली। इस दौरान अर्बन हेल्थ ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद उपाध्याय, सुपरवाइजर संजय तिवारी व सौरभ पांडे ने अहम भूमिका निभाई।

सर्वाधिक 3 हजार अंगदान रजिस्ट्रेशन

डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि अंगदान के लिए लोगों को प्रेरित करने अंगदान जागरूकता व पंजीयन अभियान चलाया गया था। मप्र में सर्वाधिक भोपाल में तीन हजार से अधिक अंगदान शपथ के पंजीयन हुए। संध्या पाल ने भी इस दौरान अपने परिजनों सहित कई लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित किया था। साथ ही अपने पति का भी पंजीयन कराया था।

Tags:    

Similar News