कर्नाटक में मानसून अटकने से मप्र में प्री मानसून बारिश पर ब्रेक, कई हिस्सों में दस दिन तक रहेगी भीषण गर्मी
केरल में मानसून ने भले समय से पहले दस्तक दे दी है लेकिन यह कर्नाटक में आकर अटक गया है। इसकी वजह से मध्यप्रदेश में प्री मानसून बारिश पर ब्रेक लग गया है और कई हिस्सों में 10 तक और भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। भोपाल में तापमान लगातार 42 के पार बना हुआ है।;
भोपाल। केरल में मानसून ने भले समय से पहले दस्तक दे दी है लेकिन यह कर्नाटक में आकर अटक गया है। इसकी वजह से मध्यप्रदेश में प्री मानसून बारिश पर ब्रेक लग गया है और कई हिस्सों में 10 जून तक और भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। भोपाल में तापमान लगातार 42 के पार बना हुआ है। उत्तरप्रदेश में कम दबाव वाला क्षेत्र बनने से ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड में भी गर्मी बढ़ गई है।
10 दिन तक बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार मप्र में अभी 10 दिन तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड में पारा और ऊपर जाएगा। खजुराहो में शुक्रवार को अधिकतम टेम्प्रेचर 46 डिग्री तक पहुंच गया। पचमढ़ी को छोड़कर सभी इलाकों में दिन का तापमान 40 के पार चला गया है। अभी कहीं-कहीं बादल हैं, लेकिन नमी नहीं मिलने से बारिश नहीं करा पा रहे।
यहां चल सकती है लू
ग्वालियर, चंबल, भिंड, दतिया, शिवपुरी, छतरपुर, खजुराहो और निवाड़ी में हीट वेव चल रही है। यहां अगले दो दिन लू चलेगी। प्रदेश भर में चार दिन तक अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री के आसपास रह सकता है। 4 दिन बाद तापमान तो कम होगा, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।