कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया हाइवे पर चक्काजाम, जमकर लगाये सरकार विरोधी नारे
जिला कांग्रेस के सभी ब्लाकों में 2 घंटे सांकेतिक चक्का-जाम किया गया। पढ़िए पूरी खबर-;
नीमच। केंद्र सरकार द्वारा लाये गये नये कृषि बिल के विरोध में शुक्रवार को सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता नीमच महू हाइवे रोड स्थित भाटखेड़ा फंटे पर पहुंचे, जहां उनके द्वारा सरकार द्वारा लाये गये कानून के विरोध में फोरलेन हाईवे पर सांकेतिक चक्का जाम कर किसान बिल को वापस लेने की मांग रखी गई। इस दौरान जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए गये। नीमच जिला कांग्रेस के सभी ब्लाकों में 2 घंटे सांकेतिक चक्का-जाम किया गया।
नेताओं ने अलग-अलग ब्लाकों में जाकर मोर्चा संभाला और केंद्र सरकार के कृषि कानून का विरोध जताया। पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन के नेतृत्व में नीमच में यह आंदोलन हुआ।
पूर्व सांसद नटराजन ने भाटखेड़ा बायपास पर चक्काजाम के दौरान संबोधन में कहा केंद्र सरकार जबरन काला कानून लादना चाहती। जबकि किसान इसके पक्ष में नहीं हैं। देश की अर्थव्यवस्था की सरकार को जरा भी चिंता नहीं है। किसानों को बर्बाद करने की नीति अपनाई जा रही। आमजन महंगाई की मार झेल रहा है। सरकार के कार्यकाल में सभी स्तरों, सेक्टरों में गिरावट आई है। अलग-अलग स्थानों पर हुए सांकेतिक चक्काजाम को कांग्रेस जिलाध्यक्ष जिलाध्यक्ष अजीत कांठेड ने भी संबोधित किया। इस दौरान अलग-अलग नेताओं ने ब्लाकों में कमान संभाली।