नौगांव में 10 डिग्री गिरा दिन का पारा, आज से कई जिलों में कोल्ड-डे, घना कोहरा
भोपाल। शनिवार से प्रदेशभर में सर्दी के तेवर फिर से तेज हो गए हैं। नौगांव में फिर से दिन के तापमान में सबसे अधिक गिरावट रही। यहां दिन का पारा 10 डिग्री गिरकर 17 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 6 डिग्री कम है।;
भोपाल। शनिवार से प्रदेशभर में सर्दी के तेवर फिर से तेज हो गए हैं। नौगांव में फिर से दिन के तापमान में सबसे अधिक गिरावट रही। यहां दिन का पारा 10 डिग्री गिरकर 17 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 6 डिग्री कम है। यहां कोल्ड-डे रहा। खजुराहो में भी अधिकतम तापमान 8 डिग्री गिरकर 19.6 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 4 डिग्री कम है। यहां कोल्ड-डे जैसी सर्दी रही है। राजधानी सहित पश्चिमी मप्र के कई जिलों में दिन का पारा 5 से 6 डिग्री तक गिरावट हुई, रात का पारा भी तेजी से गिरा है। इससे ठंड ने जोर पकड़ लिया है। सर्दी का यह सिलसिला 18 जनवरी तक रहेगा इसके बाद मौसम में फिर बदलाव होगा। भोपाल में दिन का पारा 4.5 डिग्री गिरकर 22 डिग्री और रात का 5 डिग्री कम होने से दिन और रात में सर्दी का असर तेज रहा। मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को ग्वालियर, चंबल संभाग तथा सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी आदि जिलों में ठंड का असर बढऩे के साथ ही घना कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में कम होने से उत्तरी हवाएं आना शुरू हो गई हैं। साथ ही पहाड़ों पर बर्फबारी भी हो रही है, इससे ठंड में बढ़ोतरी हुई है। रविवार को कुछ जिलों में कोल्ड-डे भी रहने का अनुमान है।
भोपाल, धार और रायसेन सबसे सर्द:
शनिवार की रात प्रदेश में तीन जिलों की रातें सबसे सर्द रहीं। भोपाल में रात का पारा 8.4, धार 8.1 और रायसेन में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज हुआ है। रविवार को इन जिलों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है।
आज से पूर्वी मप्र में बढ़ेगी सर्दी:
विशेषज्ञ शुक्ला के अनुसार बर्फीली हवाओं के कारण रविवार से पूर्वी मप्र में सर्दी बढ़ेगी। शनिवार को पश्चिमी मप्र में दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट रही, जबकि रविवार रात से पूर्वी मप्र में इसका असर बढ़ेगा। पश्चिमी मप्र में अभी रात का पारा सामान्य से औसतन एक डिग्री अधिक है, जबकि पूर्वी प्रदेश में यह नॉर्मल से दो डिग्री अधिक रहा है। रविवार से दोनों हिस्सों में दिन और रात का पारा सामान्य से नीचे पहुंचने का अनुमान है।