दिग्विजय ने कहा- भाजपा में मुख्यमंत्री पद के 7 दावेदार, लेकिन कमलनाथ ही लेंगे शपथ, गोविंद राजपूत ने दिया ये जवाब

सागर जिले के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा में 7 नेता मुख्यमंत्री बनने के लिए सूट सिलवाए बैठे हैं लेकिन इसका कोई फायदा नहीं क्योंकि चुनाव बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ कमलनाथ ही लेने वाले हैं। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं सुरखी से विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि सुरखी सहित प्रदेश में कांग्रेस की जीत के सपने देखना दिग्विजय को बंद कर देना चाहिए क्योंकि लोग उनके कार्यकाल को भूले नहीं हैं।;

Update: 2023-04-13 07:06 GMT

भोपाल। सागर जिले के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा में 7 नेता मुख्यमंत्री बनने के लिए सूट सिलवाए बैठे हैं लेकिन इसका कोई फायदा नहीं क्योंकि चुनाव बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ कमलनाथ ही लेने वाले हैं। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं सुरखी से विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि सुरखी सहित प्रदेश में कांग्रेस की जीत के सपने देखना दिग्विजय को बंद कर देना चाहिए क्योंकि लोग उनके कार्यकाल को भूले नहीं हैं।

दावेदारों में नहीं लिया सिंधिया का नाम

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पद के दावेदारी वाले प्रश्न पर जवाब देते हुए कहा कि भाजपा में शिवराज सिंह चौहान, भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा व वीडी शर्मा मुख्यमंत्री पद की दावेदारी कर रहे हैं जबकि चुनाव परिणाम के बाद कमलनाथ ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बड़ी बात ये है कि दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री के दावेदार के योग्य भी न समझकर उनका नाम लेना भी उचित नहीं समझा।

व्यवसाय ज्यादा करती है भाजपा

 सुरखी में मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आती है, व्यवसाय ज्यादा करती है, जन सेवा कम करती है। अच्छे खासे जो लोग कांग्रेस से भाजपा में जाते हैं वो बिगड़ जाते हैं। यहां के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत न जाने कितना लेकर भाजपा में गए, वो यहां व्यवसाय कर रहे हैं जन सेवा नहीं कर रहे हैं। वे खुद भी कहते हैं कि न उन्हे कांग्रेस से मतलब है और न भाजपा से।

विधायक जी को अलग टैक्स

दिग्विजय ने कहा कि अभी गेंहू की तुलाई का मौसम है, मेरी कलेक्टर से चर्चा हुई। यहां केंदों में तीन-तीन, चार-चार दिन से ट्रैक्टर के साथ किसान खड़े हुए हैं। मंडी खुले यहां 5-6 साल हो गए लेकिन अव्यवस्था के चलते खरीदी नही होती। कोई व्यापारी यहां रुकना नही चाहता क्योंकि उसको सरकार का टैक्स तो देना ही है विधायक जी का टैक्स अलग देना पड़ता है। अभी जानकारी मिली है कि किसानों से हर बोरे पर 15 रुपए वसूले जाते हैं, इसमें किस-किस का हिस्सा है ये पैसा कहां जा रहा है? पूरे तरह से लोगों को ठगा जा रहा है। 

गोविंद बोले- दिग्विजय का कार्यकाल आज भी याद

दिग्विजय सिंह की सुरखी यात्रा को लेकर राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि दिग्विजय सिंह का कार्यकाल आज भी लोगों को याद है, जब बिजली के लिए लोग हमेशा परेशान रहते थे। बिजली न मिलने से किसानों की फसलें बर्बाद होती थी। प्रदेश में सड़कों का हाल सभी जानते हैं। मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ देते थे, इतनी खराब सड़कें आप के समय में थी। राजपूत ने कहा कि आपने विकास के नाम पर सुरखी में एक ईट भी नहीं लगाई। मुझे व मेरे परिवार को सुरखी की जनता आज से नहीं 25 वर्षों से जानती है। सुरखी विधानसभा मेरे परिवार जैसी है। हम सब एक हैं, पुराने भाजपा के लोग हों या नए भाजपा के कार्यकर्ता, हमारे यहां सभी को मान-सम्मान मिलता है। हमारे द्वारा कभी किसी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया गया और ना ही हमने कभी दबाव बनाने की राजनीति की है। मेरे भाजपा में आने के बाद सुरखी में हजारों करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। इन विकास कार्यों पर आप ग्रहण ना लगाएं ।

Tags:    

Similar News