बर्थडे पार्टी में होटल संचालक और मेजबानों के बीच मारपीट, खाना कम पड़ने पर हुआ विवाद
पुलिस ने दोनों पक्षों के 8 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। रेस्टोरेंट संचालक राजेन्द्र पुत्र चेतराम शिवहरे ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पढ़िए पूरी खबर-;
मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना में जन्मदिन पार्टी में खाना कम पड़ जाने पर होटल संचालक और परिजनों के बीच जूतमपैजार हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोग नशे में धुत्त होकर उत्पात मचा रहे थे।
मामला एमएस रोड स्थित किचन रेस्टोरेंट का है। बाद में कोतवाली थाना पुलिस पहुंची और उसने मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 8 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। रेस्टोरेंट संचालक राजेन्द्र पुत्र चेतराम शिवहरे ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केशव कॉलोनी स्थित आनंद ने अपने बेटे के जन्मदिन पार्टी के लिए रेस्टोरेंट में 40 लोगों के लिए खाना बुक कराया था। उनकी पार्टी में 50 से अधिक मेहमान आ गए तो खाना कम पड़ गया।
खाना कम पड़ने पर मेहमानों ने होटल के वेटर दिलीप जाटव व गजेन्द्र जाटव के साथ गाली-गलौज कर दी। इस पर भी जब उनका मन नहीं भरा तो उन्होने होटल में हंगामा किया तथा मारपीट कर दी। राजेन्द्र शिवहरे की शिकायत पर आनंद शर्मा, संजू कुलश्रेष्ठ, बल्लू उपाध्याय, संतोष सिकरवार व अन्य पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है।
दूसरी तरफ इस मामले में आनंद शर्मा ने पुलिस को बताया कि अपने बेटे की जन्मदिन पार्टी में उन्होंने 50 लोगों का खाना बुक कराया था। लेकिन रेस्टोरेंट संचालक खाना देने में अक्षम रहा। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो होटल संचालक राजेन्द्र शिवहरे व उसके बेटे मोहित शिवहरे, वेटर रामलखन प्रजापति व दिलीप जाटव ने उनके साथ गाली गलौज कर दी। इसके बाद मारपीट पर उतर आए। पुलिस ने आनंद शर्मा की शिकायत पर उपरोक्त के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।