शाहपुर में 'नंदू भैया' के अंतिम दर्शन, PM मोदी ने ट्वीट कर जताया दुःख

मध्य प्रदेश के खंडवा से भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह का सोमवार रात निधन हो गया, उनका इलाज दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में चल रहा था। पढ़िए पूरी खबर-;

Update: 2021-03-03 06:21 GMT

बुरहानपुर। खंडवा सांसद व मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. नंदकुमार सिंह चौहान के पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गृह नगर बुरहानपुर के शाहपुर में रखा गया है। खंडवा से भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह का सोमवार रात निधन हो गया। उनका इलाज दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी लोकसभा सांसद के निधन पर दुख व्यक्त किया।

खंडवा के सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान पिछले करीब एक माह से दिल्ली में भर्ती थे। 11 जनवरी को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से भोपाल के अस्पताल में इलाज करवा रहे थे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने लिखा, 'खंडवा से लोकसभा सांसद के निधन से दुखी हूं संसद की कार्यवाही व राज्य में पार्टी के सशक्तिकरण को लेकर किए गए प्रयासों में उनके योगदान को याद किया जाएगा। उनके परिजनों के प्रति संवेदना। ओम शांति।'

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा- 'प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृह ग्राम पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदाई देंगे। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।'

मध्यप्रदेश की पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा आज नंदू भैया को विदाई देते हुए हृदय व्याकुल है, मन भारी है। नंदू भैया का जाना भाजपा के साथ-साथ सम्पूर्ण निमाड़ व मध्यप्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।

Tags:    

Similar News