शादी के बाद दूल्हा गिरफ्तार, रेप के मामले में 5 साल से था फरार
दूल्हा अब घर की जगह सलाखों के पीछे पहुंच चुका है। दूल्हे पर एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर भगाने, दुष्कर्म करने और गर्भपात करवाने का आरोप है। आरोपी पिछले पांच सालों से फरार चल रहा था। पढ़िए पूरी खबर-;
सतना। मध्यप्रदेश के सतना में एक दूल्हे को शादी के बाद पुलिस ने तब गिरफ्तार कर लिया, जब वो अपनी दुल्हन को विदा कराके वापस लौट रहा था। दूल्हा अब घर की जगह सलाखों के पीछे पहुंच चुका है। दूल्हे पर एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर भगाने, दुष्कर्म करने और गर्भपात करवाने का आरोप है। आरोपी पिछले पांच सालों से फरार चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक कटनी निवासी नीरज सिंह गोड़ सतना जिले के मैहर बदेरा थाना क्षेत्र में शादी करने के लिए पूरी धूमधाम के साथ बारात लेकर आया था। शादी के बाद दुल्हन को विदा कराके वापस लौट रहा था तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस के मुताबिक दूल्हा बने नीरज सिंह गौड़ ने 2016 में बदेरा निवासी एक 19 साल की लड़की को अपने जाल में फंसाकर भगा लिया था। शादी का झांसा देकर उस लड़की के साथ काफी लंबे समय तक इसने दुष्कर्म किया और उसका गर्भपात भी करवाया। जब नीरज से लड़की ने शादी करने को कहा तो नीरज अपनी बात से मुकर गया। इसके बाद लड़की ने नीरज सिंह गौड़ के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
आरोपी साल 2016 से फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने आरोपी के ऊपर 1 हजार रुपये का इनाम भी जारी कर दिया था। आरोपी दूल्हा नीरज भागकर सूरत में रह रहा था। मैहर बदेरा पुलिस ने आरोपी को अब सलाखों के पीछे भेज दिया है।