जीआरपी ने महिला की शिकायत पर कांग्रेस के दो विधायकों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर, जानिए क्या है पूरा मामला
कांग्रेस के दो विधायक सतना के सिद्धार्थ कुशवाहा एवं कोतमा के सुनील सराफ के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर जीआरपी ने प्रकरण दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि रेवांचल एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान दोनों विधायकों ने शराब के नशे में उनके साथ अभद्रता की है। दूसरी तरफ विधायकों का कहना है कि न वे शराब पिए थे और न ही महिला के साथ अभद्रता की। महिला उनकी बर्थ पर बच्चे के साथ लेटी थी, इसलिए थोड़ा विवाद हुआ। विधायकों का कहना है कि शराब के नशे को लेकर उनका मेडिकल कराया जा सकता है। घटना पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है और प्रियंका गांधी तक से सवाल दाग दिया है।;
भोपाल। कांग्रेस के दो विधायक सतना के सिद्धार्थ कुशवाहा एवं कोतमा के सुनील सराफ के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर जीआरपी ने प्रकरण दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि रेवांचल एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान दोनों विधायकों ने शराब के नशे में उनके साथ अभद्रता की है। दूसरी तरफ विधायकों का कहना है कि न वे शराब पिए थे और न ही महिला के साथ अभद्रता की। महिला उनकी बर्थ पर बच्चे के साथ लेटी थी, इसलिए थोड़ा विवाद हुआ। विधायकों का कहना है कि शराब के नशे को लेकर उनका मेडिकल कराया जा सकता है। घटना पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है और प्रियंका गांधी तक से सवाल दाग दिया है।
यह है महिला की शिकायत
रीवा से भोपाल जाने वाली रेवांचल एक्सप्रेस में गुरुवार को बी1 कोच में सफर कर रही महिला ने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा पर शराब पीकर अभद्रता करने की शिकायत पति से की। जिसके बाद महिला के पति ने प्रधानमंत्री से लेकर रेलवे पुलिस, जबलपुर डीआरएम और आरपीएफ को ट्वीट कर महिला से अभद्रता करने की शिकायत दर्ज कराई। महिला से अभद्रता करने की बात सामने आने के बाद सागर जीआरपी पुलिस के एक एएसआई और कांस्टेबल महिला के पास पहुंचे और ट्रेन में ही महिला की शिकायत दर्ज की। इसके साथ ही महिला ने भोपाल जीआरपी में भी शिकायत की हैं। कांग्रेस के दोना विधायकों पर शराब के नशे में ट्रेन में छेड़छाड़ के आरोप में सागर जीआरपी ने केस दर्ज किया है। सागर जीआरपी ने जांच प्रारभ्भ कर दी है।
विधायकों की सफाई
कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। उनके कोच पर सामने की सीट में बैठी महिला के साथ उनकी कोई बातचीत नहीं हुई हैं। शराब के नशे में होने का आरोप भी झूठा है। हमारी भी छोटी-छोटी बच्चियां हैं, हम इस तरीके से कभी नहीं कर सकते। सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के साथ से कांग्रेस विधायक सुनील सराफ भी थे। सुनील सराफ पर भी महिला से बदसलूकी का आरोप लगा है। हम शराब के नशे में थे तो मेडिकल करवा लिया जाए। कोतमा से कांग्रेस विधायक सुनील सराफ ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि महिला के साथ किसी ने बदतमीजी नहीं की है। सीट को लेकर महिला से बहस हुई थी। हमारी सीट पर महिला बैठी हुई थी, सीट हटाने को लेकर बहस हुई थी जो बिना विवाद के मुद्दा बनाया गया। कोच के अंदर सिर्फ चार लोग मौजूद थे अगर हम शराब के नशे में थे तो हमारा मेडिकल करवा लिया जाए।
वीडी शर्मा ने कांग्रेस को घेरा
अब इस मामले को लेकर सियासत शुरू हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बहन को इंसाफ मिलेगा, हम उसके साथ हैं। साथ ही प्रियंका गांधी से कई सवाल पूछे हैं। शर्मा ने प्रियंका से पूछे सवाल, कहा- नशे में धुत्त होकर कांग्रेस विधायकों ने जिस तरीके से घटना की हैं, कांग्रेस इसका जवाब दे। उन्होंने प्रियंका गांधी से पूछा है कि अगर मैं बेटी हूं तो लड़ सकती हूं, प्रियंका गांधी को देश पूछना चाहता हैं, अब क्या करेंगी प्रियंका गांधी... आपके कांग्रेस विधायकों ने ऐसी घटना की हैं। उन्होंने कहा कि देश प्रियंका गांधी से पूछना चाहता है कि कांग्रेस का चरित्र ही ऐसा है, यह दुर्भाग्य हैं। मध्यप्रदेश में ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा, बहन को न्याय मिलेगा, हम उसके साथ हैं।