कई जिलों में ओले, बारिश, शहर में भी बौछारों की उम्मीद
भोपाल। शनिवार को राजधानी सहित कई जिलों में बारिश के बाद दिन के तापमान में तेजी से गिरावट हुई। प्रदेश में बदले मौसम के मिजाज के कारण गर्मी के तेवर में कुछ कमी महसूस की गई।;
भोपाल। शनिवार को राजधानी सहित कई जिलों में बारिश के बाद दिन के तापमान में तेजी से गिरावट हुई। प्रदेश में बदले मौसम के मिजाज के कारण गर्मी के तेवर में कुछ कमी महसूस की गई। मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को कई जिलों में ओले के साथ बारिश होगी, जबकि भोपाल में बादल और बौछारें पडऩे की पूरी संभावना है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी सिस्टम सक्रिय रहने के साथ अरब सागर से नमी मिलने के कारण बारिश और बादलों का दौर चलता रहेगा। शनिवार को सुबह से शाम 5 बजे के बीच मलाजखंड 8, सिवनी में 2 मिमी बारिश हुई। भोपाल, सागर, मंडला, उमरिया, रायसेन, सीहोर के आसपास बौछारें पडऩे से पारे में गिरावट रही। इससे पहले शुक्रवार रात से शनिवार सुबह के बीच सिवनी, जबलपुर, सतना, नौगांव, ग्वालियर और मलाजखंड तथा रायसेन में बारिश दर्ज की गई है।
आज यहां पड़ेंगे ओले, बारिश:
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी पश्चिमी विक्षोभ के साथ राजस्थान में सिस्टम सक्रिय है। प्रदेश में सिस्टम सक्रिय होने से रविवार को बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में ओले के साथ बारिश होगी। वहीं भोपाल संभाग के जिलों तथा धार, इंदौर, खरगौन, शाजापुर, देवास और आगर आदि जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश, बौछारें पड़ सकती हैं। इससे दिन के तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है।
दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री तक नीचे:
शहर में शुक्रवार रात से ही बादलों का डेरा रहा, जिससे शनिवार को भी दिन भर बादल और अलसुबह शहर के कई हिस्सों में बौछारें पड़ी। बादल और बौछारें से दिन के तापमान में तेजी से गिरावट रही। दिन का पारा 3.2 डिग्री गिरकर 35.1 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 4 डिग्री कम है। सागर में पारा 33 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री कम है। कई जिलों में तापमान पांच डिग्री तक कम रहा। पचमढ़ी में 3.5 डिग्री पारा गिरकर 27.5 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 5.3 डिग्री कम है। इसके अलावा बैतूल, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खरगौन, उज्जैन सहित कई जिलों में दिन का पारा सामान्य से 3 से 4 डिग्री के बीच कम रहा है।