सिंगापुर के सेंटोसा आईलेंड जैसा सुन्दर है हनुवंतिया : शिवराज
भोपाल। मुख्यमंत्री चौहान ने शनिवार को खंडवा जिले के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में जल-महोत्सव 2021-22 का शुभारंभ किया।;
भोपाल। मुख्यमंत्री चौहान ने शनिवार को खंडवा जिले के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में जल-महोत्सव 2021-22 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हनुवंतिया सिंगापुर के सेंटोसा आइलैंड जैसा सुंदर है। सेंटोसा आइलैंड के भ्रमण के दौरान ही उन्हें हनुवंतिया को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रेरणा मिली थी। यहाँ का गहरा नीला पानी समंदर जैसा है। ऐसा दृश्य देखने को शहरवासी तरसते हैं। आज मध्यप्रदेश पर्यटन में हनुवंतिया का विशेष स्थान है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हनुवंतिया में सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ही विभिन्न साहसिक गतिविधियाँ स्कूबा डायविंग, ज्वाय राइड, हॉट एयर बैलून आदि प्रारंभ की जाएंगी। पर्यटक हेलीकॉप्टर में बैठने का आनंद भी ले सकेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र जनजातीय नायकों टंट्या भील, भीमा नायक, खज्या नायक आदि की गौरव गाथा कहता है। टंट्या मामा ने यहाँ जन्म लिया। उनके कड़े यहाँ रखे हैं। प्रदेश में टंट्या मामा का बलिदान दिवस 4 दिसम्बर को पातालपानी में मनाया जायेगा। इसके पूर्व उनके जन्म-स्थान खण्डवा जिले की पंधाना तहसील के बडदा ग्राम से उनकी पावन मिट्टी का कलश लेकर यात्रा निकाली जायेगी, जो 4 दिसम्बर को पातालपानी में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शुक्ला को निर्देश दिये कि हनुवंतिया में आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर एक प्रदर्शनी लगाई जाये, जो हमारे देश भक्तों की गौरव गाथा प्रदर्शित करे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पर्यटन विभाग पर्यटन के क्षेत्र में अद्भुत कार्य कर रहा है। पर्यटन के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित होते हैं। प्रदेश में पर्यटन को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जायेगा। ग्रामीण पर्यटन भी प्रारंभ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने वन मंत्री विजय शाह की माँग पर चारखेड़ा में बर्ड वॉच सेंटर तथा नाइट सफारी शुरू किये जाने के निर्देश भी दिये। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसी भी वर्ग की आजीविका प्रभावित न हो, इस उद्देश्य से प्रदेश में कोरोना संबंधी सारे प्रतिबंध समाप्त कर दिये गये हैं। प्रतिबंध हटने के बावजूद भी हमें सभी सावधानियाँ बरतनी होगी। सभी कोरोना वैक्सीन के दो डोज आवश्यक रूप से लगवा लें।
नर्मदा नदी के टापुओं को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करेंगे : शाह
वन मंत्री विजय शाह ने कहा कि हनुवंतिया क्षेत्र में नर्मदा नदी के विभिन्न टापुओं का पर्यटन की दृष्टि से विकास किया जाएगा। चारखेड़ा में बर्ड वॉचिंग सेंटर एवं नाइट सफारी प्रारंभ किये जा सकते हैं। संत सिंगाजी तीर्थ-स्थल के लिये नाव चलाई जायेगी। यहाँ पानी पर हवाई जहाज उतरने की व्यवस्था कर हवाई सेवा भी प्रारंभ की जा सकती है। शुभारंभ समारोह के प्रारंभ में प्रमुख सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं जनसम्पर्क शिव शेखर शुक्ला ने जल-महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं विधायक नारायण पटेल ने भी संबोधित किया।