Jabalpur Firing News : जबलपुर पूर्व में गोलीबारी, भाजपा प्रत्याशी पर हुई फायरिंग
शहर की पूर्व विधानसभा में मतदान खत्म होने के ठीक बाद विवाद की स्थिति बन गई और कांच घर इलाके में कांग्रेस के कार्यालय के ठीक सामने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पहुंच गए।;
भोपाल। शहर की पूर्व विधानसभा में मतदान खत्म होने के ठीक बाद विवाद की स्थिति बन गई और कांच घर इलाके में कांग्रेस के कार्यालय के ठीक सामने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पहुंच गए। थोड़ी ही देर में कांग्रेस के प्रत्याशी भी यहां पहुंचे। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पूर्व मंत्री अंचल सोनकर और कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया के बीच में चुनाव है।
जिंदा कारतूस भी यहां बिखरे हुए मिले
जबलपुर पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने बताया है कि जब दोनों प्रत्याशी आमने-सामने थे। इसी बीच में विवाद हुआ और गोली भी चली है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में अभी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद इस घटना के लिए जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के चुनावी कार्यालय के ठीक सामने विवाद हुआ। तेज आवाजों के बीच में दो बमों के फटने की आवाज आई और फिर धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। इसी बीच में यहां गोली भी चली। क्योंकि घटनास्थल पर गोली के खाली खोखे भी मिले हैं और कुछ जिंदा कारतूस भी यहां बिखरे हुए मिले हैं।
विवाद के रूप में सामने आया
इस घटना के तुरंत बाद पुलिस यहां पहुंची है और लोगों को तीतर भीतर करने के बाद सड़क को बंद कर दिया गया। घटनास्थल पर जबलपुर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन भी पहुंचे। बता दें कि यहां भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। इसलिए यहां लंबे शुरूआत से ही तनाव का माहौल था और अंत में यह विवाद के रूप में सामने आया। हालांकि यहां एआईएमआईएम के प्रत्याशी गजेंद्र सोनकर भी मैदान में है। उनके घर के पास भी गोली चलने की घटना की सूचना आई है।
ग्वालियर की दक्षिण विधानसभा में धीमी गति से मतदान पर कलेक्टर और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच बहस
ग्वालियर की दक्षिण विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक और ग्वालियर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के बीच तीखी बहस हो गई। इस बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मतदान में देरी होने के कारण कलेक्टर और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच ये बहसबाजी हुई। ये घटना अवाडपुरा पोलिंग बूथ की है। बता दें कि एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें ग्वालियर दक्षिण विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक और ग्वालियर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के बीच जमकर बहस होती नजर आ रही है। यह वीडियो दक्षिण विधानसभा के अवाडपुरा स्थित शासकीय हाई स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र का है। यहां वोट डालने के लिए बड़ी संख्या में मतदाता घण्टों से इंतजार करते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। वायरल वीडियो के अनुसार अवाडपुरा क्षेत्र में हो रही धीमी गति से मतदान की शिकायत लेकर जब कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक ग्वालियर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के पास पहुंचे तो दोनों के बीच खासी बहस होने लगी। हालांकि हरिभूमि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।