Police taken action : रैली में कानून की धज्जियां उड़ाई, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
जिले में बंदूके लहराने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने एक्शन ले लिया है। बताया जा रहा है कि इसके तहत पुलिस ने तीन नाम के साथ 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।;
भिंड। जिले में बंदूके लहराने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने एक्शन ले लिया है। बताया जा रहा है कि इसके तहत पुलिस ने तीन नाम के साथ 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आपको बता दें मेहगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कानून व्यवस्थाओं का हनन करते देखा गया था। कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा से पहले मेहगांव से कांग्रेस टिकट के दावेदार ने रैली निकाली जिसमें कानून को ताक पर रखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली में बंदूकें लहराई थी। कांग्रेस की इस रैली में कई लोगों को बेखौफ हाथ में बंदूकें लिए देखा गया था। इस रैली का वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद सभी लोगों ने बंदूकें हटा दी थी। लेकिन यह गैरकानूनी काम किए जाने की वजह से सभी के खिलाफ आज कार्रवाई की गई है।
सहम गए लोग
कांग्रेस के मेहगांव विधानसभा से टिकट के दावेदार प्रमोद चौधरी उर्फ धनु ने रैली निकाली थी। जिसमें उनके समर्थक बंदूकें लहराते हुए चल रहे थे। पुलिस के सामने इस तरह बेखौफ होकर एक दर्जन से अधिक लोग हथियार लहराते हुए जा रहे थे। जिसे देख कर लोगों में भी खौफ सा छा गया था। सहमें हुए लोग खुद डर के मारे रास्ता खाली कर दे रहे थे। हथियारों का प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी होने लगा था। यह देख पुलिस ने रैली को रोक कर सभी को रैली में बंदूकों का प्रदर्शन करने से मना किया। इसके बाद सभी बंदूकधारी या तो अपने घर लौट गए या बंदूकें वापस भिजवा दी। यात्रा में किसी भी प्रकार का दंगा-फसाद नहीं हुआ था। सभी ने शांति से पुलिस की बात मानी और बंदूकें रख दी थी।
दी गई समझाइश
मेहगांव एसडीओपी दीपक सिंह तोमर ने बताया था कि रैली में किसी भी प्रकार का कोई अवैध हथियार नहीं था। सभी अपनी-अपनी लाइसेंस वाली बंदूकें लिए हुए थे। जब पुलिस ने उन्हें समझाया कि रैली में ले जाने के लिए आपको हथियारों का लाइसेंस नहीं दिया गया है। ये बंदूकें केवल आपकी आत्मरक्षा के लिए है। रैली में बंदूक ले जाने गैरकानूनी बताए जाने पर सभी ने बंदूकें रख दी थी। यहां तक की कुछ लोगों ने बंदूकें जमा करने की बात भी कह दी थी। साथ ही उनका कहना है कि रैली में शामिल होने आए लोगों के इसके बारे में जानकारी नहीं रही होगी जिस कारण वे सभी बंदूकें लेकर चल रहे थे।