MP News : फंदे में फंसा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
एक तेंदुआ शिकारियों द्वारा बिछाए फंदे में फंस गया था। जिसे वन विभाग की टीम ने मुक्त करा कर जंगल में भेजा है।;
पन्ना। एक तरफ जहां प्रशासन वन्य जीवों को बचाने का प्रयास कर रहा है, तो वहीं दूसरी ओर शिकारियों के हौंसले परवान चढ़ रहे हैं। वन्य जीवों के शिकार किए जाने के कारण कई जीव विलुप्ति की कगार पर आ गए हैं, तो कई विलुप्त ही हो चुके हैं। फिर भी शिकारियों के मन में इसको लेकर ज़रा भी दया भाव नहीं आ रहा है। ऐसा ही मामला पन्ना जिले से भी सामने आ रहा है। जिसमें एक तेंदुआ शिकारियों द्वारा बिछाए फंदे में फंस गया था। जिसे वन विभाग की टीम ने मुक्त करा कर जंगल में भेजा है।
मोहन्द्रा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुंवरपुर बीट के ग्राम बरतला में एक तेंदुए को फंसाने का मामला सामने आया है। यह फंदा शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों का शिकार करने के इरादे से लगया गया था। बताया जा रहा है कि मोहन्द्रा वन मंडल में नर्सरी के पास जाली लगी थी जिसमें यह फंदा लगाया गया था। फंदे में सुबह एक तेंदुआ फंस गया। जिसकी जानकारी ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई थी। इसके बाद मोहन्द्रा वन परिक्षेत्र के अधिकारियों द्वारा पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर तेंदुए का रेस्क्यू किया गया। तेंदुए को रेस्क्यू कर वापिस जंगल में भेज दिया गया है।