MP BJP : नाराज कार्यकर्ताओं को मानाने के लिए भाजपा का नया प्लान
मप्र में भाजपा चुनाव से पहले सब कुछ ठीक करना चाहती है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ पदाधिकारी तक घर-घर पहुंच रहे है, तो उनके द्वारा नाराज कार्यकर्ताओं की भी खोज खबर ली जा रही है।;
भोपाल। मप्र में भाजपा चुनाव से पहले सब कुछ ठीक करना चाहती है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ पदाधिकारी तक घर-घर पहुंच रहे है, तो उनके द्वारा नाराज कार्यकर्ताओं की भी खोज खबर ली जा रही है। इसके लिए पार्टी संगठन ने तय किया है कि हर जिले में भोज कार्यक्रम किए जाएंगे, जहां जिले भर के नाराज कार्यकर्ताओं के साथ बड़े नेता खाना खाएंगे और उनकी नाराजगी दूर की जाएगी। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिला संगठन अध्यक्षों को इसके लिए निर्देशित कर दिया है।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिला संगठन अध्यक्षों को निर्देशित किया
पार्टी से जुड़े सूत्रों की माने तो दिल्ली के निर्देश के बाद पिछले कुछ महीनों से कार्यकर्ताओं की पूछ-परख बढ़ी है। कोई भी संगठनात्मक कार्यक्रम या पब्लिक मीटिंग हो, वहां कार्यकर्ताओं की तारीफ की जा रही है। बताया गया है कि पार्टी के अंदरुनी सर्वे में बात सामने आई है कि चौथी बार सरकार बनने के बाद प्रदेश में कार्यकर्ताओं की पूछ परख बेहद कम हुई है। विशेषकर मंत्री, सांसद या विधायक के आसपास ऐसा चक्रव्यूह बन गया है, जिससे पार्टी कैडर या कार्यकर्ता को हाशिए पर धकेल दिया गया और कार्यकर्ता अपने आप को उपेक्षित समझने लगा। पिछले दिनों जब भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने सूबे के मंत्रियों के साथ वन टू वन बातचीत की थी, तब भी उन्होंने स्पष्ट तौर पर हिदायत दी थी कि मंत्री प्रभार वाले जिलों पर गंभीरता से ध्यान दें। परफॉर्म नहीं करेंगे तो मुश्किल होगी। संगठन व कार्यकर्ताओं की वजह से ही सरकार में हैं। जिले में या किसी कार्यक्रम में जाएं तो इसकी सूचना जिले के संगठन को जरूर हो।
हर 10 बूथ पर एक पूर्णकालिक होगा तैनात
इधर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भी अप्रत्यक्ष रुप से भाजपा की मदद करने मैदान में उतर गई है। जानकारों की माने तो प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए संघ ने अपने कुछ पूर्णकालिकों को भाजपा को सौंपा है। ये पूर्णकालिक लगभग हर विधानसभा क्षेत्रों में काफी अरसे से सक्रिय है। लेकिन अब नई रणनीति के तहत पार्टी ने हर 10 बूथ पर एक पूर्णकालिक को तैनात करने की योजना बनाई है,जो अपने स्तर पर विचारधारा के आधार पर पार्टी को मजबूत बनाने का काम करेंगी।