MP Election BJP Candidate List 2023 : भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में पांचवी सूची पर मंथन , आज या कल में जारी होगी लिस्ट

नई दिल्ली में मंगलवार को हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में ज्यादातर नामों पर सहमति बन गई है।;

Update: 2023-10-18 02:14 GMT

भोपाल। नई दिल्ली में मंगलवार को हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में ज्यादातर नामों पर सहमति बन गई है। पांचवीं सूची बुधवार या गुरूवार को आएगी। इसके बाद एक और सूची जारी होगी। पांचवीं सूची में बाकी बचे आठ में से तीन मंत्रियों के टिकट कट सकते हैं। बाकी बचे पांच मंत्रियों को दोबारा से टिकट देने पर लगभग सहमति बन गई है। इसके साथ ही बाकी बची सीटों पर भी काफी देर तक चर्चा हुई। मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के स्थान पर संगठन के किसी नेता को चुनाव लड़ाने पर सहमति बनी है। मप्र व राजस्थान दोनों राज्यों में बाकी बची सीटों पर नामों के चयन को लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर बैठक हुई। जिसमें 94 विधानसभा क्षेत्रों पर टिकटों के बंटवारे को लेकर काफी देर तक चर्चा की।

बाकी नाम छठी सूची में

इनमें से 65 से 70 नाम पांचवी सूची में घोषित किए जाने की संभावना है। बाकी बचे नामों पर विचार के बाद उसे छठवीं सूची में जारी किए जाने की संभावना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी बताया गया कि किन -किन सीटों पर दावेदारों के समर्थकों ने पार्टी मुख्यालय तक विरोध जताया है। इस पर उन्होंने प्रदेश के नेताओं को कई तरह समझाइस देते हुए इसे अपने स्तर से संभालने को कहा है। ऐसे वरिष्ठ नेता जो रूठे हैं।उन्हें मनाने की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को दी गई है। उनके कहा गया है कि परिस्थितियाें को देखते हुए तत्काल डैमेज कंट्रोल करें।

जिन तीन मंत्रियों के टिकट कटेंगे वे संगठन में सेट होंगे

कोर ग्रुप की बैठक में बाकी बच गए आठों मंत्रियों के नामों पर विचार हुआ। इनमें से तीन मंत्रियों का परफारमेंस उनके क्षेत्र में काफी खराब है। बताते हैं कि यदि उन्हें टिकट मिला तो वे सीट गंवा सकते हैं। इसलिए वरिष्ठ नेताओं ने तय किया कि ऐसे मंत्रियों का टिकट काटा जाए। हालांकि, किस मंत्री का टिकट कटेगा, इस बारे में खुलासा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है िक तीन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, सुरेश धाकड़ और रामखेलावन पटेल को पार्टी टिकट नहीं देगी। इसके बजाए उन्हें संगठन या अन्य किसी जगह पर सेट किया जा सकता है। यह भी संकेत मिल रहे है कि प्रदेश मुख्यालय में अहम जिम्मेदारी निभा रहे किसी नेता को पार्टी शिवपुरी से भाजपा अपना प्रत्याशी बना सकती है।

20 सीटों पर प्रत्याशी बदलने की संभावना

इनमें से 20 सीटें ऐसी हैं, जहां पार्टी प्रत्याशी बदलना चाहती है। इनमें से 8 मंत्रियों के क्षेत्र भी शामिल हैं। कुल 25 मौजूदा विधायकों का टिकट कटने की संभावना है। इसके साथ ही साथ 12 और विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जहां अधिकांश पर भाजपा के बड़े नेता चुने गए थ्ो। इन नेताओं को अधिक उम्र होने या उनके खिलाफ एंटीइनकंबेंसी जैसी स्थिति होने की वजह उनका टिकट बदला जा सकता है। बताते हैं कि पार्टी जिन नए चेहरों को मैदान में उतारना चाहती है, उस पर मौजूदा विधायक सहमत नहीं हैं। वे अपने परिजनों या ऐसे करीबी लोगों को टिकट दिलाना चाहते है। पर सर्वे में उनकी रिपोर्ट खराब बताई जा रही है।

Tags:    

Similar News