MP Election Today : आज भोपाल में 20 लाख 87 हजार 32 मतदाता करेंगे मतदान, कई जगह नहीं बंट पाईं पर्चियां
पंद्रह दिन से चल रहे चुनाव प्रचार के बाद शुक्रवार को जिले की बैरसिया, नरेला, उत्तर, मध्य, दक्षिण-पश्चिम, गोविंदपुरा और हुजूर विधानसभा क्षेत्र के 20 लाख 87 हजार 32 मतदाता वोटिंग कर सकेंगे।;
भोपाल। पंद्रह दिन से चल रहे चुनाव प्रचार के बाद शुक्रवार को जिले की बैरसिया, नरेला, उत्तर, मध्य, दक्षिण-पश्चिम, गोविंदपुरा और हुजूर विधानसभा क्षेत्र के 20 लाख 87 हजार 32 मतदाता वोटिंग कर सकेंगे। इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, अन्य दल, निर्दलीय सहित 96 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। नरेला में सबसे अधिक 23 और सबसे कम हुजूर में छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस बार मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक रखा गया है।
पोलिंग शुरू
मतदाताओं की सहायता के लिए सभी बीएलओ को मतदान केंद्र के बाहर मतदाता सहायता केंद्र बनाने की हिदायत दी है, जहां मतदाता पर्चियां दी जाएंगी। दरअसल, इस बार बीएलओ ने पर्चियां बांटने में लापरवाही बरती है, जिसकी वजह से मतदाताओं को पर्ची के लिए मतदान केंद्र के बाहर से लेना पड़ेगी। जिले की 7 विधानसभाओं में 918 लोकेशन पर 2049 बूथ बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 8 हजार 196 कर्मियों को चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई है, जिन्हें गुरुवार को रवाना कर दिया गया है। देर शाम तक पोलिंग पार्टी में शामिल स्टाफ अपने-अपने बूथ पर पहुंच गए हैं। शुक्रवार सुबह 5.30 बजे राजनीतिक दल के लोग और उम्मीदवार मॉक पोल करेंगे। इसके बाद सुबह 7 बजे से आम लोगों के लिए पोलिंग शुरू हो जाएगी। शाम 6 बजे के बाद पोलिंग बूथ पर किसी भी वोटर्स को एंट्री नहीं दी जाएगी। इस बार क्यू लैस वोटिंग की व्यवस्था नहीं की गई है, जिसकी वजह से मतदाताओं को लाइन में लगकर ही मतदान करना पड़ेगा। महिला और पुरुषों की लाइन अलग-अलग होंगी।
8 हजार 196 कर्मचारी किए रवाना
एक बूथ पर चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस आधार पर 2049 बूथों पर 8 हजार 196 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा गश्ती दल में भी करीब डेढ़ हजार कर्मचारी अधिकारियों को शामिल किया गया है। पार्टियों को बसों के नंबर जारी कर दिए थे, बसें तलाशने में भी काफी समय लगा। इस दौरान बूथों के आसपास पुलिस के इंतजाम किए गए हैं।
बच्चों के लिए किड्स जोन
इसमें से मध्य, हुजूर, गोविंदपुरा, नरेला के कुछ बूथों पर बच्चों के लिए किड्स जोन, बुजुर्गों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। व्हील चेयर और वैकल्पिक रैंप भी बनाए गए हैं।
जिले के 20 लाख 87 हजार 32 मतदाता हैं, जिनमें 10,74,056 पुरुष, 10,12,804 महिला और 172 अन्य मतदाता हैं। सबसे अधिक 3,93,213 मतदाता गोविंदपुरा में है। इसके अलावा बैरसिया में 2,48,097, उत्तर 2,45,386, नरेला 3,49,123, दक्षिण-पश्चिम 2,32,953, मध्य 2,47,454 और हुजुर में 3,70,806 मतदाता मतदान करेंगे। इसी तरह जिले के 2049 मतदान केंद्रों में गोविंदपुरा में 373 मतदान केंद्र, बैरसिया 270, उत्तर 246, नरेला 332, दक्षिण-पश्चिम में 235, मध्य 245 और हुजुर में 348 मतदान केन्द्र हैं।
दो घंटे में मिलेगा मतदान प्रतिशत
मतदान के प्रतिशत की जानकारी आम लोगों को हर घंटे मुहैया कराई जाएगी। यह पोलिंग बूथ, विधानसभा और जिला स्तर पर रहेगी। इसके लिए मोबाइल एप तैयार किया गया है। यह जानकारी 9 बजे, 11 बजे, 1 बजे, 3 बजे, 5 बजे और 6 बजे मतदान केन्द्रों पर मतदान करने वाले पुरुष और महिला मतदाता की जानकारी दर्ज कर भेजी जाएगी।
गड़बड़ी हुई तो 15 मिनट में पहुंचेगी फोर्स
किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी की सूचना पर 10 से 15 मिनट में फोर्स पहुंच जाएगी। क्रिटिकल मतदान केन्द्र 510 हैं। 1044 केंद्रों की बेवकास्टिंग और 125 केन्द्रों की वीडियोग्राफी होगी, इसके अलावा 46 वल्नरेबल मतदान केन्द्र हैं।
प्रदेश के 2533 प्रत्याशियों में से अटेर में सबसे ज्यादा 38, सबसे कम सेंधवा में 3
मप्र में 5 करोड़ 60 लाख मतदाता चुनाव लड़ रहे 2533 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज करेंगे। प्रत्याशियों में 2280 पुरुष और 252 महिला प्रत्याशी हैं। यह पुरुष प्रत्याशियों की अपेक्षा करीब 10 फीसदी ही है। इसमें हालांकि भाजपा ने करीब 16 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस ने 11 फीसदी महिलाओं को मैदान में उतारा है। िदलचस्प यह है कि काफी कम संख्या में महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इस बार सबसे ज्यादा प्रत्याशी अटेर विधानसभा क्षेत्र में करीब 38 हैं। जबकि सबसे कम 3 प्रत्याशी सेंधवा में हैं। भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 23 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। कुरवाई, सरदारपुर, गंधवानी कसरावद आदि विधानसभा क्षेत्र में 4-4 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। प्रदेश में कुल 3 हजार आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबकि 17 हजार 32 संवदेनशील मतदान केंद्र हैं। युवाओं की ओर से संचालित 371 स्थानों पर केंद्र ऐसे हैं, जहां 30 से 35 वर्ष के मतदान कर्मचारी नियुक्त हैं। 60 ग्रीन बूथ बनाए गए हैं। सीईओ अनुपम राजन ने बताया कि पर्ची वितरण के समय 5 लाख 82 वोटर अनुपस्थित मिले हैं। 80 प्रकरण पेड न्यूज़ के पाए गए हैं। इन पर कार्रवाई चल रही है। चुनाव में अभी तक कुल 3993 शिकायतें प्राप्त हुईं हैं। सभी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में शिकायत प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं।