MP Monsoon Session : विधानसभा की सर्वदलीय बैठक में मानसून-सत्र को पूरे समय तक निर्बाध रूप से चलाने का निर्णय

विधानसभा भवन में सोमवार को हुई सर्वदलीय बैठक में तय हुआ कि मानसून सत्र को पूरे समय तक निर्बाध रूप से चलाया जाए। संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा व नेता प्रतिपक्ष डाॅ. गोविंद सिंह ने इस पर सहमति व्यक्त की। इस दौरान सत्र को चलाने को लेकर सत्ता पक्ष व विपक्षीय सदस्यों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।;

Update: 2023-07-11 03:32 GMT

भोपाल। विधानसभा भवन में सोमवार को हुई सर्वदलीय बैठक में तय हुआ कि मानसून सत्र को पूरे समय तक निर्बाध रूप से चलाया जाए। संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा व नेता प्रतिपक्ष डाॅ. गोविंद सिंह ने इस पर सहमति व्यक्त की। इस दौरान सत्र को चलाने को लेकर सत्ता पक्ष व विपक्षीय सदस्यों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता मप्र विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने की। बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र के लिए प्रस्तावित कार्यों को सुचारु रुप से निष्पादित किए जाने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नर्मदा प्रसाद प्रजापति पूर्व मंत्री एवं विधायक सज्जन सिंह वर्मा तथा विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह मौजूद थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने की घोषणा

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने विधानसभा सचिवालय में पिछले 30 वर्षों से 110 कार्यभारित कर्मचारियों को नियमित करने की घोषणा की है। जल्दी ही इस संबंध में आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इसी के साथ ही संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर्स को भी शासन की नीति अनुसार नियमित कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर पदस्थ किए जाने की भी घोषणा की है।

कर्मचारी वर्षों से कर रहे थे मांग

अध्यक्ष गौतम ने बताया कि ऐसे कार्यभारित कर्मचारियों में से कई तो नियमितीकरण की प्रतीक्षा में है, जबकि उनमें से कुछ तो सेवा करते हुए कार्यभारित के रूप में ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वे कई वर्षों से अपनी पीड़ा विभिन्न फोरम पर व्यक्त कर चुके हैं। उनकी वर्षों पुरानी मांग को पूर्ण करते हुए गौतम ने विधानसभा सचिवालय के समस्त कार्यभारित कर्मचारियों को नियमित किए जाने की घोषणा की। इसी तरह विधानसभा सचिवालय में शासन की नीति के अनुसार 18 कंप्यूटर ऑपरेटर पिछले 10 एवं 6 वर्षों से संविदा पदों पर कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समस्त संविदा कर्मचारियों को नियमितीकरण की घोषणा की है। उसी अनुक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने समस्त संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर्स को भी शासन की नीति अनुसार नियमित कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर पदस्थ किए जाने की घोषणा की।

गौतम समीक्षा समिति में सभापति मनोनीत

लोकसभा अध्यक्ष एवं सभापति अखिल भारतीय पीठासीन सम्मेलन नई दिल्ली ने समिति प्रणाली की समीक्षा के लिए देश के विधानसभा अध्यक्षों की एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति में मप्र विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम को सभापति नियुक्त किया गया है। इस समिति में विधानसभा अध्यक्ष पश्चिम बंगाल विधानसभा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा, अध्यक्ष उत्तरप्रदेश विधानसभा, अध्यक्ष सिक्किम विधानसभा, अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा एवं अध्यक्ष ओड़िशा विधानसभा को सदस्य मनोनीत किया गया है। प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह समिति विधान मंडलों में समितियों के कार्यकलापों के संबंध में परीक्षण एवं समीक्षा कर अपने सुझाव लोकसभा अध्यक्ष को देगी।

Tags:    

Similar News